April 17, 2026

प्रेमी की हत्या के बाद प्रेमिका का शव फंदे से लटका मिला, पुलिस ने जताई आत्महत्या की आशंका

लखनऊ के रहीमाबाद क्षेत्र के हामिद खेड़ा गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पहले एक युवक की बेरहमी से हत्या हुई और उसके दो दिन बाद उसी के घर के बाहर उसकी प्रेमिका का शव संदिग्ध हालात में फांसी पर लटका मिला। पुलिस और परिजन इस मामले को आत्महत्या मान रहे हैं, लेकिन सवालों के घेरे में कई बातें हैं।

रविवार रात को कैब चालक संजय कुमार गौतम की उसके घर में गड़ासे और छूरी से हमला करके हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने इस मामले में मंगलवार को सुनील और उसके बेटे दिव्यांश को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सुनील ने बताया कि उसकी पत्नी मीरा उसे छोड़कर संजय के साथ रहने लगी थी, इसलिए उसने बेटे के साथ मिलकर बदला लेने के लिए यह हत्या की।

हत्या के बाद मीरा, संजय के हामिद खेड़ा स्थित घर पर ही रह रही थी। गुरुवार दोपहर करीब ढाई बजे, गांववालों ने उसका शव उसी घर के बाहर छप्पर से लटका देखा। गले में साड़ी का फंदा था। ग्रामीणों ने इसकी सूचना संजय की मां रामदुलारी और अन्य परिजनों को दी।

पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। इंस्पेक्टर आनंद कुमार द्विवेदी ने कहा है कि फिलहाल यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है लेकिन पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम में कई सवाल उठते हैं। जैसे, संजय की मां, उसकी पत्नी रानी और तीन बच्चे घर में ही थे, फिर भी किसी को मीरा के फंदे पर लटकने की भनक तक नहीं लगी?

परिजनों का कहना है कि मीरा संजय की हत्या से मानसिक रूप से टूट चुकी थी और घर में संजय का ‘दसवां’ संस्कार हो रहा था। इसी दौरान वह घर के बाहर छप्पर में जाकर फांसी लगा बैठी।

यह मामला अभी जांच के अधीन है, लेकिन दो जानें जाने के बाद गांव में मातम पसरा है और पुलिस को हर कोण से जांच करने की जरूरत है ताकि सच्चाई सामने आ सके।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!