मुंबई: सूरज बड़जात्या की नई फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ में आयुष्मान खुराना बनेंगे नया ‘प्रेम’, 200 डांसर्स संग शुरू हुई शूटिंग
बॉलीवुड के मशहूर निर्देशक सूरज बड़जात्या अब एक नए “प्रेम” को बड़े पर्दे पर लाने जा रहे हैं। सलमान खान के बाद अब उनकी अगली फिल्म में यह किरदार निभा रहे हैं आयुष्मान खुराना। उनके साथ इस फैमिली ड्रामा में शरवरी वाघ नजर आएंगी। फिल्म की शूटिंग 1 नवंबर से मुंबई में शुरू हो चुकी है और अब इसका टाइटल भी सामने आ गया है — ‘ये प्रेम मोल लिया’। पहले फिल्म का नाम ‘प्रेम की शादी’ बताया जा रहा था, लेकिन हाल ही में सेट से सामने आई क्लैपरबोर्ड की तस्वीर ने असली नाम का खुलासा कर दिया।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म के पहले शेड्यूल की शूटिंग कांदिवली में हुई, जहां आयुष्मान और शरवरी के साथ करीब 200 बैकग्राउंड डांसर्स ने हिस्सा लिया। यह ग्रैंड लेवल शूट सूरज बड़जात्या की पारंपरिक पारिवारिक फिल्मों की झलक देता है। अगले हफ्ते से फिल्म का दूसरा शेड्यूल बांद्रा के महबूब स्टूडियो में शुरू होने वाला है। मेकर्स की योजना है कि जनवरी 2026 तक फिल्म की शूटिंग पूरी कर ली जाए।
इस फिल्म में अनुपम खेर, सीमा पाहवा और सुप्रिया पाठक जैसे दिग्गज कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आने वाले हैं। यह प्रोजेक्ट राजश्री प्रोडक्शंस और महावीर जैन फिल्म्स के सहयोग से बनाया जा रहा है। सूरज बड़जात्या की पिछली फिल्म ‘ऊंचाई’ की तरह इस बार भी कहानी में इमोशन, रिश्ते और पारिवारिक मूल्यों का संगम देखने को मिलेगा। वहीं, बड़जात्या आगे चलकर सलमान खान के साथ एक और प्रोजेक्ट पर भी काम शुरू करने की तैयारी में हैं, लेकिन फिलहाल सबकी नजरें उनके नए “प्रेम” आयुष्मान खुराना पर टिकी हैं।
Share this content:
