May 7, 2026

Mumbai: बेटी आराध्या के जन्म पर दर्द सहती रहीं ऐश्वर्या राय, पेनकिलर लेने से किया इनकार, अमिताभ बच्चन ने की थी हिम्मत की तारीफ

बॉलीवुड सुपरस्टार अभिषेक बच्चन और ऐश्वर्या राय बच्चन की पर्सनल लाइफ अक्सर सुर्खियों में रहती है। कभी शादीशुदा जिंदगी को लेकर बातें होती हैं तो कभी इनके अलग होने की अफवाहें उड़ती हैं, लेकिन कपल हर बार शांत तरीके से इन खबरों को गलत साबित कर देता है। इसी बीच एक पुराना किस्सा फिर सामने आ रहा है, जिसमें खुद अमिताभ बच्चन ने बताया था कि बेटी आराध्या के जन्म के दौरान ऐश्वर्या ने घंटों दर्द सहा लेकिन पेनकिलर लेने से इनकार कर दिया।

ऐश्वर्या और अभिषेक ने 2007 में शादी की थी और 2011 में उनकी बेटी आराध्या का जन्म हुआ। उस समय बच्चन परिवार ने मीडिया से बात करते हुए बताया था कि ऐश्वर्या ने नॉर्मल डिलीवरी का फैसला किया था और लेबर पेन के दौरान करीब 2 से 3 घंटे तक बिना किसी दवाई या एपिड्यूरल इंजेक्शन के दर्द झेलती रहीं। अमिताभ बच्चन ने बताया था कि वह ऐश्वर्या की हिम्मत देखकर भावुक और गर्व महसूस कर रहे थे। उन्होंने कहा था— “बहुत मुश्किल हुई, लेकिन वो डटी रहीं और कहा कि वो नॉर्मल डिलीवरी चाहती हैं। कोई पेनकिलर नहीं, कोई एपिड्यूरल नहीं।”

इस किस्से को याद करते हुए लोग आज भी ऐश्वर्या की हिम्मत और मां बनने के दौरान सहनशक्ति की तारीफ करते हैं। हालांकि उस दौर में कई बार मीडिया ने ऐश्वर्या और बच्चन परिवार को लेकर अफवाहें भी फैलाई थीं। साल 2010 में एक रिपोर्ट में दावा किया गया था कि ऐश्वर्या कंसीव नहीं कर पा रही हैं, जिस पर अमिताभ बच्चन ने कड़ा रिएक्शन देते हुए ब्लॉग में लिखा था कि यह खबर पूरी तरह झूठ और असंवेदनशील है। आज आराध्या लगभग 14 साल की हो चुकी हैं और अक्सर अपनी मां के साथ पब्लिक इवेंट्स में नजर आती हैं। वहीं बच्चन परिवार अब भी इस पल को अपनी जिंदगी की सबसे खास यादों में से एक मानता है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!