Patna: बिग बॉस से बाहर होते ही नीलम गिरी फिर एक्टिव, नया भोजपुरी सॉन्ग ‘सूट में लागब ऐश्वर्या’ इंटरनेट पर धमाल मचा रहा
भोजपुरी एक्ट्रेस नीलम गिरी इन दिनों लगातार सुर्खियों में हैं। बिग बॉस 19 से बाहर आने के बाद उनकी लोकप्रियता और ज़्यादा बढ़ गई है। शो से बाहर निकलते ही नीलम ने दोबारा काम पर वापसी कर ली है और इसी बीच उनका नया गाना ‘सूट में लागब ऐश्वर्या’ रिलीज होते ही धूम मचा रहा है। सोशल मीडिया पर इस सॉन्ग को शानदार रिस्पॉन्स मिल रहा है और फैंस नीलम के ग्लैमरस अंदाज की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
नीलम गिरी ने बिग बॉस में अपनी मजबूत और बिंदास पर्सनालिटी से लोगों का दिल जीत लिया था। हालांकि वो कुछ समय पहले ही शो से बेघर हुईं, लेकिन बाहर आते ही उनकी फैन फॉलोइंग और बढ़ गई है। अपने सोशल मीडिया पर लगातार एक्टिव रहने वाली नीलम अब बैक-टू-बैक प्राजेक्ट्स में नजर आ रही हैं। हाल ही में उनकी आने वाली फिल्म ‘मनमोहनी’ का ट्रेलर रिलीज हुआ था, जिसे दर्शकों ने काफी पसंद किया। अब उनके नए सॉन्ग ने भी इंटरनेट पर ट्रेंड करना शुरू कर दिया है।
17 नवंबर को रिलीज हुए इस गाने ‘सूट में लागब ऐश्वर्या’ में नीलम गिरी के साथ प्रवेश लाल यादव दिखाई दे रहे हैं। इस गाने को शिल्पी राज ने गाया है और वीडियो में दोनों की ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री दर्शकों को खूब पसंद आ रही है। मजेदार बात यह है कि प्रवेश लाल यादव ने सिर्फ एक्टिंग ही नहीं की, बल्कि इस गाने को प्रोड्यूस भी किया है, जिसकी खूब चर्चा हो रही है। रिलीज के कुछ घंटों में ही गाना यूट्यूब और सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो गया है।
गाने की सफलता के बाद अब नीलम की फिल्म ‘मनमोहनी’ को लेकर भी उत्साह बढ़ गया है। इस फिल्म का निर्देशन राज कुमार कर रहे हैं और कहानी एक ऐसी लड़की के संघर्ष पर आधारित है जो अपने परिवार के लिए हर कठिनाई से लड़ने को तैयार है। फिल्म में समाज की कड़वी सच्चाइयों और मजबूरियों को भी दिखाया गया है। माना जा रहा है कि इस फिल्म के बाद नीलम की एक्टिंग करियर को एक नई पहचान मिलेगी।
नीलम गिरी लगातार मेहनत कर रही हैं और उनके काम के प्रति समर्पण को देखते हुए अब फैंस को उम्मीद है कि आने वाले समय में वो भोजपुरी इंडस्ट्री की टॉप एक्ट्रेसेस में शामिल होंगी।
Share this content:
