April 29, 2026

मुंबई: श्रेयस अय्यर की जल्द वापसी की उम्मीद धुंधली, 2 महीने बाद होगा दुबारा स्कैन — IPL 2026 तक बाहर रहने की आशंका

भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज़ श्रेयस अय्यर की चोट से वापसी अभी दूर नजर आ रही है। ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान सिडनी में खेले गए तीसरे वनडे में कैच पकड़ते समय उनकी स्पिलिन (Spleen) में गंभीर चोट आई थी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया और इंटरनल ब्लीडिंग के चलते उनका ऑपरेशन भी हुआ। अब वह रिकवरी प्रोसेस में हैं, लेकिन उनकी मैदान पर वापसी में अभी लंबा समय लग सकता है।

टीम इंडिया 30 नवंबर से साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलेगी, लेकिन इसमें श्रेयस अय्यर का खेलना लगभग नामुमकिन माना जा रहा है। रिपोर्ट्स की मानें तो उन्हें अभी कम से कम तीन महीने और आराम की जरूरत है। हाल ही में करवाए गए अल्ट्रासोनोग्राफी स्कैन में उनकी स्थिति सामान्य सुधार की ओर दिखी है, लेकिन डॉक्टरों ने फिलहाल उन्हें किसी भी तरह की ट्रेनिंग, जिम व एक्सरसाइज से पूरी तरह दूर रहने की सलाह दी है।

स्वास्थ्य अपडेट्स के अनुसार, दो महीने बाद श्रेयस का दोबारा USG स्कैन किया जाएगा, और उसी आधार पर आगे की मेडिकल एवं रिहैब प्लानिंग तय होगी। अगर उस स्कैन में सुधार संतोषजनक मिलता है तो उन्हें बेंगलुरु के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैब शुरू करने की अनुमति दी जाएगी। ऐसी स्थिति में उनके न्यूजीलैंड के खिलाफ जनवरी 2026 वाली सीरीज खेलने की संभावना बेहद कम है। कुछ रिपोर्ट्स तो यह भी दावा कर रही हैं कि अय्यर IPL 2026 से पहले क्रिकेट में वापसी नहीं कर पाएंगे।

श्रेयस अय्यर की चोट उस समय लगी जब वे एलेक्स कैरी का कैच लेने के लिए डाइव करते हुए जोर से जमीन पर गिर पड़े थे। गिरने के बाद वह दर्द से कराहते हुए उठ भी नहीं पाए और मैदान से स्ट्रेचर पर बाहर ले जाए गए। बीसीसीआई की मेडिकल टीम और अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों ने संयुक्त रूप से सर्जरी कराने का निर्णय लिया था, जिसके बाद अय्यर उसी वक्त लंबी अवधि के लिए टीम से बाहर हो गए।

फैंस और टीम मैनेजमेंट दोनों ही उनकी वापसी का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन फिलहाल चोट की गंभीरता को देखते हुए कोई जल्दबाजी संभव नहीं है। टीम इंडिया आने वाले महीनों में महत्वपूर्ण सीरीज और टूर्नामेंट खेलने वाली है, ऐसे में अय्यर का बाहर रहना एक बड़ी कमी साबित हो सकती है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!