मुंबई: फिल्मसिटी को तारक मेहता का उल्टा चश्मा के मेकर्स का खास तोहफ़ा, एम्बुलेंस करेंगे डोनेट
17 साल से दर्शकों का मनोरंजन कर रहा शो, अब फिल्मसिटी वर्कर्स के लिए बढ़ाया मदद का हाथ
मुंबई के गोरेगांव स्थित फिल्मसिटी में 17 सालों से अपनी शूटिंग कर रहा मशहूर कॉमेडी शो तारक मेहता का उल्टा चश्मा अब एक नेक पहल करने जा रहा है. शो की प्रोडक्शन कंपनी नीला फिल्म प्रोडक्शंस और इसके निर्माता असित कुमार मोदी फिल्मसिटी मैनेजमेंट को एक एम्बुलेंस डोनेट करने वाले हैं. यह एम्बुलेंस फिल्मसिटी में काम करने वाले हजारों कर्मचारियों और कलाकारों के लिए आपात स्थिति में बड़ी मदद साबित होगी.
सूत्रों के अनुसार इस अवसर पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा. इस कार्यक्रम में महाराष्ट्र सरकार के सांस्कृतिक मंत्री आशीष शेलार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे. उनके साथ फिल्मसिटी की प्रबंध निदेशक स्वाति म्हासे पाटिल, शो के निर्माता असित मोदी और नीला फिल्म प्रोडक्शंस की टीम मौजूद रहेगी. इतना ही नहीं, शो के लोकप्रिय कलाकार जैसे जेठालाल और अन्य कलाकार भी इस मौके पर शामिल होंगे, जिससे यह आयोजन और भी खास बन जाएगा.
दरअसल, मुंबई फिल्मसिटी में कई फिल्म और टीवी शो की शूटिंग लगातार होती रहती है. आमतौर पर सेट्स पर शूटिंग के दौरान एक-दो एम्बुलेंस मौजूद रहती हैं, ताकि किसी हादसे की स्थिति में तुरंत मदद पहुंचाई जा सके. लेकिन पूरी फिल्मसिटी के लिए कोई स्थायी या सार्वजनिक एम्बुलेंस उपलब्ध नहीं है. ऐसे में तारक मेहता का उल्टा चश्मा की टीम द्वारा दी जाने वाली यह एम्बुलेंस न केवल एक महत्वपूर्ण सुविधा होगी, बल्कि इससे वहां काम करने वाले सभी लोगों को आपातकालीन स्थिति में तुरंत राहत भी मिलेगी.
यह शो 2008 से लगातार टेलीकास्ट हो रहा है और हर उम्र के दर्शकों का मनोरंजन करता आ रहा है. पिछले 17 सालों में इसने अनगिनत घरों में हंसी और सकारात्मकता पहुंचाई है. शो के कई कलाकार जैसे दया बेन (दिशा वकानी), अंजलि (नेहा मेहता), शैलेश लोढ़ा, गुरुचरण सिंह और हाल ही में जेनिफर मिस्त्री ने शो को अलविदा कहा, लेकिन इसके बावजूद तारक मेहता ने अपनी लोकप्रियता बरकरार रखी है. आज भी यह शो हर हफ्ते टॉप 10 टीवी शोज़ में अपनी जगह बनाए हुए है.
शो के मेकर्स का यह कदम दर्शाता है कि वे सिर्फ हंसी ही नहीं, बल्कि समाज और उद्योग जगत की भलाई के लिए भी योगदान देना चाहते हैं. फिल्मसिटी में काम करने वाले हजारों लोग इस एम्बुलेंस से सीधे लाभान्वित होंगे और निश्चित ही यह पहल हर दिल से दुआएं बटोरेगी.
Share this content:
