मुंबई: आर्यन खान की सीरीज बैड्स ऑफ बॉलीवुड विवादों में, समीर वानखेड़े ने दर्ज कराया मानहानि का केस
एनसीबी के पूर्व अधिकारी बोले – जानबूझकर मेरी छवि खराब करने की कोशिश, मांगा 2 करोड़ रुपये हर्जाना
आर्यन खान की डेब्यू वेब सीरीज बैड्स ऑफ बॉलीवुड रिलीज के बाद से लगातार सुर्खियों में बनी हुई है. अब इस सीरीज पर एक नया विवाद खड़ा हो गया है. दरअसल, नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) के पूर्व अधिकारी समीर वानखेड़े ने शो में दिखाए गए एक सीन पर आपत्ति जताते हुए नेटफ्लिक्स, रेड चिलीज एंटरटेनमेंट और निर्माताओं के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर कर दिया है. वानखेड़े का आरोप है कि इस सीरीज के जरिए उनकी छवि को धूमिल करने की साजिश रची गई है. उन्होंने 2 करोड़ रुपये के हर्जाने की मांग की है और साफ किया है कि अगर उन्हें यह रकम मिलती है तो वे इसे टाटा मेमोरियल कैंसर हॉस्पिटल को दान करेंगे.
यह विवाद उस सीन से जुड़ा है जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. करीब 88 सेकंड का यह सीन एक हाई-प्रोफाइल पार्टी का है. इसमें कुछ अधिकारी सरकारी गाड़ी से उतरते हैं, जिनमें से एक का लुक और अंदाज हूबहू समीर वानखेड़े जैसा दिखाया गया है. सीरीज में NCB की जगह NCG नाम की एजेंसी दिखाई गई है. हालांकि किरदार का नाम सीधे तौर पर नहीं लिया गया, बल्कि कास्टिंग क्रेडिट्स में उसे सिर्फ प्लेन क्लोद कॉप यानी सादे कपड़ों में आए पुलिसवाले के नाम से दिखाया गया है. यह रोल आशीष कुमार नामक एक्टर ने निभाया है.

सीन में दिखाया गया है कि यह अधिकारी सबसे पहले एक ऐसे व्यक्ति को पकड़ता है जो ड्रग्स ले रहा होता है. लेकिन जब वह शख्स कहता है कि उसका बॉलीवुड से कोई लेना-देना नहीं है, तो अधिकारी उसे तुरंत छोड़ देता है. इसके बाद यह अधिकारी एक दूसरे युवक को गिरफ्तार करता है, जो केवल शराब पी रहा होता है और उसका सीधा संबंध बॉलीवुड से दिखाया जाता है. इस घटनाक्रम को लेकर समीर वानखेड़े का कहना है कि मेकर्स ने जानबूझकर ऐसा सीन लिखा ताकि लोगों को यह लगे कि असल जांच एजेंसियां बिना सबूत बॉलीवुड सितारों को टारगेट करती हैं.
वानखेड़े का आरोप है कि इस तरह की प्रस्तुति से न सिर्फ उनकी व्यक्तिगत छवि खराब हुई है, बल्कि उन पर और उनकी जांच एजेंसी पर भी सवाल उठते हैं. उन्होंने अदालत से अपील की है कि इस सीरीज के निर्माताओं को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया जाए. इस बीच, नेटफ्लिक्स, शाहरुख खान और रेड चिलीज की ओर से इस मामले में अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.
गौरतलब है कि यह पहला मौका नहीं है जब बैड्स ऑफ बॉलीवुड विवादों में फंसी हो. इससे पहले रणबीर कपूर वाले एक सीन, जिसमें उन्हें ई-सिगरेट पीते हुए दिखाया गया था, ने भी सोशल मीडिया पर हंगामा खड़ा कर दिया था. अब समीर वानखेड़े का मानहानि का मुकदमा इस सीरीज के लिए कानूनी मुश्किलें बढ़ा सकता है. आने वाले समय में यह देखना दिलचस्प होगा कि अदालत में यह मामला किस दिशा में जाता है और क्या वानखेड़े को न्याय मिल पाता है.
Share this content:
