April 18, 2026

मुकेश अंबानी ने लॉन्च किया जियो ब्लैकरॉक ओवरनाइट फंड, म्यूचुअल फंड सेक्टर में मचाई हलचल

देश के सबसे बड़े उद्योगपति मुकेश अंबानी ने फाइनेंशियल मार्केट में एक और बड़ा कदम उठाते हुए म्यूचुअल फंड की दुनिया में हलचल मचा दी है। उनकी कंपनी जियो फाइनेंशियल सर्विसेज ने ब्लैकरॉक के साथ मिलकर एक नया म्यूचुअल फंड लॉन्च किया है, जिसका नाम जियो ब्लैकरॉक ओवरनाइट फंड है। यह स्कीम उन निवेशकों के लिए एक शानदार विकल्प मानी जा रही है जो कम जोखिम के साथ शॉर्ट टर्म में रेगुलर इनकम की तलाश में हैं। इस फंड का न्यू फंड ऑफर (NFO) 2 जुलाई 2025 तक निवेश के लिए खुला रहेगा।

क्या है जियो ब्लैकरॉक ओवरनाइट फंड?
यह एक ओपन-एंडेड डेट स्कीम है, जो केवल ओवरनाइट सिक्योरिटीज या डेट और मनी मार्केट इंस्ट्रूमेंट्स में निवेश करती है। इनकी मेच्योरिटी केवल अगले बिजनेस डे तक की होती है, जिससे ब्याज दर और क्रेडिट से जुड़े जोखिम बेहद कम हो जाते हैं। इस स्कीम का उद्देश्य निवेशकों को अल्पकालिक, सुरक्षित और स्थिर रिटर्न देना है।

किनके लिए है यह स्कीम उपयोगी?
यह फंड खासतौर पर उन निवेशकों के लिए बनाया गया है जो अपने अतिरिक्त पैसों को 1-2 दिन के लिए सुरक्षित और कम जोखिम वाले विकल्प में लगाना चाहते हैं। इसका रिस्कोमीटर भी लो-लेवल रिस्क को दर्शाता है, जिससे यह सुरक्षित निवेश विकल्प के रूप में देखा जा रहा है।

न्यूनतम निवेश और SIP विकल्प
इस स्कीम में निवेश की शुरुआत सिर्फ 500 रुपये से की जा सकती है। SIP के जरिए वीकली, मंथली या क्वार्टरली निवेश भी संभव है, जिसकी न्यूनतम रकम 500 रुपये रखी गई है और कम से कम 6 किस्तों तक निवेश करना अनिवार्य है। सबसे खास बात यह है कि इस फंड में कोई एग्जिट लोड नहीं है, यानी निवेशक जब चाहें, अपना पैसा निकाल सकते हैं।

फंड मैनेजमेंट और बेंचमार्क
इस फंड का संचालन अनुभवी फंड मैनेजर्स अरुण रामचंद्रन, विक्रांत मेहता और सिद्धार्थ देब द्वारा किया जाएगा। इसका बेंचमार्क Nifty 1D Rate Index होगा, जिसके आधार पर इसका प्रदर्शन आंका जाएगा। पूरा फंड एसेट्स केवल ओवरनाइट मेच्योरिटी वाली डेट सिक्योरिटीज और मनी मार्केट इंस्ट्रूमेंट्स में ही लगाए जाएंगे।

निवेश से पहले ध्यान रखें
यह खबर केवल जानकारी के उद्देश्य से दी गई है। निवेश करने से पहले किसी विशेषज्ञ से सलाह अवश्य लें।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!