पीएम मोदी ने कहा- अरुणाचल की धरती शौर्य और देशभक्ति का प्रतीक, कांग्रेस ने किया था पूर्वोत्तर की अनदेखी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को अपने पूर्वोत्तर दौरे पर अरुणाचल प्रदेश पहुंचे, जहां उन्होंने ईटानगर में 5100 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस मौके पर उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि अरुणाचल सिर्फ उगते सूर्य की धरती ही नहीं, बल्कि देशभक्ति और शौर्य का भी प्रतीक है। पीएम मोदी ने यहां “गर्व से कहो ये स्वदेशी है” अभियान को आगे बढ़ाते हुए व्यापारियों और टैक्सपेयर्स से नई जीएसटी दरों पर भी बातचीत की।
अपने भाषण में पीएम मोदी ने कांग्रेस पर करारा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकारों ने अरुणाचल समेत पूरे नॉर्थईस्ट को लंबे समय तक नजरअंदाज किया। मोदी ने कहा, “जिन्हें कभी किसी ने नहीं पूछा, उन्हें मोदी पूजता है।” उन्होंने आंकड़े पेश करते हुए बताया कि कांग्रेस के शासनकाल में अरुणाचल प्रदेश को 10 साल में सिर्फ 6,000 करोड़ रुपये केंद्रीय कर से मिले थे, जबकि भाजपा सरकार के 10 साल में यह राशि एक लाख करोड़ रुपये से अधिक रही। मोदी ने इसे 16 गुना बढ़ोतरी बताया और कहा कि यह उनकी सरकार की पूर्वोत्तर के विकास के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने ईटानगर में आयोजित बचत उत्सव का दौरा किया। यहां उन्होंने दुकानदारों और व्यापारियों से मुलाकात की तथा “गर्व से कहो ये स्वदेशी है” के पोस्टर भी बांटे। उन्होंने कहा कि नए जीएसटी सुधारों से त्योहारों के मौसम में उपभोक्ताओं को डबल फायदा होगा और व्यापारियों को भी राहत मिलेगी। पीएम मोदी ने लोगों से स्वदेशी उत्पाद अपनाने और स्थानीय कारोबार को बढ़ावा देने की अपील की।
प्रधानमंत्री ने इस दौरे में ऊर्जा क्षेत्र से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की आधारशिला रखी। उन्होंने सियोम उप-बेसिन में हीओ जलविद्युत परियोजना (240 मेगावाट) और तातो-I परियोजना (186 मेगावाट) का शिलान्यास किया। इसके अलावा तवांग में एक एडवांस कन्वेंशन सेंटर और 1,290 करोड़ रुपये की लागत वाली अन्य परियोजनाओं की भी सौगात दी। पीएम ने कहा कि इन परियोजनाओं से राज्य में बिजली उत्पादन बढ़ेगा और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
नवरात्रि के पावन अवसर का उल्लेख करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि इस शुभ समय पर अरुणाचल आना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि अरुणाचल की प्राकृतिक सुंदरता और यहां की जनता का साहस पूरे देश को प्रेरित करता है। मोदी ने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में भाजपा सरकार की योजनाओं से पूर्वोत्तर आत्मनिर्भर बनेगा और देश के विकास की धुरी साबित होगा।
Share this content:
