बिग बॉस 19 का घर इन दिनों लगातार बढ़ते झगड़ों, आरोपों और गुटबाजी का केंद्र बना हुआ है। ‘टिकट टू फिनाले’ टास्क ने घरवालों के बीच की दूरी को और गहरा कर दिया है, और अब स्थिति इतनी बिगड़ चुकी है कि टास्क के दौरान हिंसक झड़पें सामने आ रही हैं। कुछ दिन पहले मालती चाहर द्वारा तान्या मित्तल को थप्पड़ मारने की कोशिश का मुद्दा तूल पकड़ रहा था, और अब एक और झगड़े ने घर का माहौल और ज्यादा गर्म कर दिया है। लेटेस्ट प्रोमो में दिखाया गया कि टास्क के बीच अशनूर कौर के हाथ से एक लकड़ी का पटरा तान्या को जा लगा, जिसके बाद घर में हंगामा खड़ा हो गया।
घटना के तुरंत बाद अशनूर ने माफी मांगते हुए कहा—“सॉरी, मैंने नहीं देखा।” लेकिन तान्या मित्तल ने इसे गलती नहीं, बल्कि जानबूझकर किया गया हमला बताया। तान्या ने गुस्से में कहा—“मारने के बाद यू आर नॉट इवन सॉरी।” यही नहीं, तान्या ने यह भी आरोप लगाया कि अशनूर अपनी असलियत छिपा रही हैं, जो अब पूरे देश के सामने उजागर हो रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा—“तेरी असलियत पूरा इंडिया देख रहा है।” जवाब में अशनूर पीछे नहीं हटीं और बोलीं—“झूठे नैरेटिव बनाना बंद करो।” अशनूर ने पुरानी बातों की ओर इशारा करते हुए पूछा कि क्या तान्या को उन कमेंट्स पर कभी अफसोस हुआ है, जो उन्होंने पहले उनके लुक और रंग-रूप को लेकर किए थे।
झगड़ा यहीं शांत नहीं हुआ। तान्या मित्तल ने बात को एक कदम आगे बढ़ाते हुए अशनूर को चेतावनी दी—“मेरी तो बहुत इज्जत है… कभी घर के बाहर आकर देखना।” तान्या की ‘बाहर निकलने’ वाली धमकी पर अशनूर ने पलटवार किया—“जब कोई अंदर कुछ नहीं कर सकता, तभी बाहर की धमकियां देता है।” यह बयान दोनों के बीच तनाव को और गहरा कर गया। घर में मौजूद अन्य कंटेस्टेंट्स भी इस विवाद में कूद पड़े। शहबाज बदेशा ने खुलकर तान्या का पक्ष लेते हुए दावा किया कि अशनूर का हमला बिल्कुल जानबूझकर था। शहबाज ने कहा—“वो तो साफ दिख रहा था कि जानबूझकर मारा।” उनके इस बयान से यह साफ हो गया है कि घर दो गुटों में बंट चुका है।
टिकट टू फिनाले की इस जंग में अब व्यक्तिगत हमले, धमकियां और आरोपों का दौर शुरू हो चुका है। घर का माहौल बिगड़ता देख दर्शक भी सोच में हैं कि वीकेंड के वार में सलमान खान इस बढ़ती हिंसा और आरोपों पर कैसा रुख अपनाएंगे। क्या वह घरवालों को कड़ी फटकार लगाएंगे या किसी पर कड़ी कार्रवाई भी होगी? बिग बॉस 19 का यह सीजन हर दिन नया मोड़ ले रहा है, और इस ताजा विवाद ने ड्रामा को और तीखा कर दिया है।
Share this content:
