LDA में निर्माण सामग्री की जांच के लिए बनेगी सेंट्रल लैब, विधिक अड़चनों को दूर करने के लिए समिति गठित
Photo Credit by Social Media
लखनऊ। लखनऊ विकास प्राधिकरण में निर्माण सामग्री की जांच के लिए सेंट्रल लैब बनेगी। इससे थर्ड पार्टी जांच में अनावश्यक रूप से होने वाली देरी से कार्य बाधित नहीं होगा। एलडीए उपाध्यक्ष अनुज सिंह ने अभियंत्रण अनुभाग की समीक्षा बैठक में इस बाबत निर्देश दिये हैं। इस दौरान उन्होंने अलग-अलग जोन में किये जा रहे विकास कार्यों में तेजी लाने के भी निर्देश दिये। बैठक में प्राधिकरण के सचिव अतुल कुमार, अपर सचिव सीपी त्रिपाठी, मुख्य अभियंता मानवेन्द्र सिंह, संयुक्त सचिव अरविंद द्विवेदी, प्रभारी अधिकारी-अर्जन विपिन कुमार शिवहरे समेत समस्त अधिशासी अभियंता एवं सहायक अभियंता उपस्थित रहे।
वीसी एलडीए अनुज सिंह ने सबसे पहले अनंत नगर योजना की समीक्षा करते हुए ग्रिड सड़कों के निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण में किसी तरह की बाधा आ रही हो तो किसानों से वार्ता करके अड़चनों को दूर किया जाए। वहीं, अटल नगर आवासीय योजना के सम्बंध में अधिकारियों ने अवगत कराया कि 06 टावरों के अंतर्गत 1032 भवनों का निर्माण कराया जा रहा है, जिसमें से 04 टावरों में 756 भवन बनकर तैयार हो गये हैं।
इस पर उपाध्यक्ष ने निर्देशित किया कि प्रथम चरण में जिन भवनों का निर्माण पूर्ण हो चुका है, उनमें आवंटियों के पक्ष में रजिस्ट्री कराकर भवनों का कब्जा प्राप्त कराया जाए। इसके अतिरिक्त शेष भवनों का कार्य समय से पूर्ण कराकर थर्ड पार्टी ऑडिट कराने के निर्देश दिये। उपाध्यक्ष ने गोमती नगर में माननीय उच्च न्यायालय के पास प्रस्तावित संविधान पार्क के सम्बंध में समीक्षा करते हुए भूमि चिन्हांकन हेतु ईटीएस सर्वे कराने के निर्देश दिये।
कार्य प्रारंभ करने से पहले एनओसी जरूरी
लविप्रा वीसी अनुज सिंह ने अफसरों को निर्देश दिये कि जहां आवश्यक हो, वहां विकास एवं निर्माण कार्य शुरू करने से पहले सम्बंधित विभागों से अनापत्ति प्रमाण पत्र अनिवार्य रूप से प्राप्त किया जाए। इसके लिए उन्होंने एलडीए सचिव को नियमित रूप से समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं। इसके अतिरिक्त विभिन्न जगहों पर विकास कार्यों में आने वाली विधिक अड़चनों को दूर करने के लिए उपाध्यक्ष ने अपर सचिव को जिम्मेदारी सौंपी है।
राइट्स द्वारा स्थापित होगी सेंट्रल लैब
एलडीए वीसी अनुज सिंह ने बैठक में कहा कि प्राधिकरण द्वारा निर्माण सामग्री की गुणवत्ता के सम्बंध में राइट्स के माध्यम से थर्ड पार्टी जांच करवायी जाती है। वर्तमान में प्राधिकरण द्वारा शहर में बड़े स्तर पर विकास एवं निर्माण के कार्य कराये जा रहे हैं। इसे ध्यान में रखते हुए राइट्स के माध्यम से प्राधिकरण कार्यालय में ही सेंट्रल लैब स्थापित करवायी जाए। जिससे जांच कार्यों में अधिक पारदर्शिता एवं शीघ्रता सुनिश्चित हो सकेगी। उन्होंने कहा कि अधिकारियों द्वारा समय-समय पर लैब का निरीक्षण किया जाएगा, जिससे कार्यों की गुणवत्ता पर नजर रखी जा सकेगी।
Share this content:
