लखनऊ में ओवैसी का बड़ा ऐलान: अब अब्दुल अपना वोट देकर चंद्रशेखर आजाद को बनाएंगे यूपी का मुख्यमंत्री

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। चुनाव में गठबंधन का ऐलान कर चुके AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने संविधान दिवस के मौके पर गुरुवार को लखनऊ के रमाबाई मैदान में शक्ति प्रदर्शन किया। सामाजिक परिवर्तन मोर्चे के बैनर तले आयोजित इस रैली में बड़ी संख्या में लोग जुटे। रैली को संबोधित करते हुए ओवैसी ने आगामी विधानसभा चुनाव में चंद्रशेखर आजाद को उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने का ऐलान करते हुए कहा कि हम सब अपनी मेहनत, अपने इत्तेहाद और अपनी दुआओं के बल पर आने वाले विधानसभा चुनाव में चंद्रशेखर आजाद को प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाएंगे।

AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने रैली में उमड़ी भीड़ को गठबंधन की ताकत बताते हुए कहा कि मुझे पूरा यकीन है कि इतनी बड़ी तादाद में लोगों का यहां जमा होना उत्तर प्रदेश की आवाम को एक बड़ा पैगाम देता है। यहां लाखों लोगों की मौजूदगी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लिए भी संदेश है। उन्होंने चंद्रशेखर आजाद को अपना भाई बताते हुए कहा कि वह सामाजिक परिवर्तन मोर्चे का मुख्यमंत्री चेहरा हैं। उनकी कामयाबी सिर्फ एक व्यक्ति की कामयाबी नहीं होगी, बल्कि यह उम्मीद, इंसाफ और जुल्म के खात्मे की कामयाबी होगी। उनकी सफलता से उत्तर प्रदेश में एक नए दौर का आगाज होगा।

संविधान दिवस पर सपा को भी घेरा, मौकापरस्ती और धोखेबाजी का लगाया आरोप

असदुद्दीन ओवैसी ने संविधान दिवस का जिक्र करते हुए कहा कि आज ही के दिन देश ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के बनाए संविधान को स्वीकार किया था। ऐसे ऐतिहासिक दिन पर रमाबाई मैदान में उमड़ी भीड़ एक बड़ा राजनीतिक संदेश दे रही है। उन्होंने समाजवादी पार्टी के नेताओं पर भी निशाना साधते हुए कहा कि यहां लोगों की इतनी बड़ी तादाद में मौजूदगी सपा नेताओं के लिए भी पैगाम है कि अब जनता उनकी मौकापरस्ती और धोखेबाजी का शिकार नहीं होगी। ओवैसी ने कहा कि यह एक नेक शुरुआत है। यह भागीदारी, भाईचारे और इंसाफ की शुरुआत है, जिसके जरिए प्रदेश की राजनीति में नया विकल्प खड़ा करने की कोशिश की जा रही है।

संघ परिवार पर किया तीखा हमला

रैली के दौरान असदुद्दीन ओवैसी ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और संघ परिवार पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि आरएसएस और संघ परिवार के लोग संविधान के दुश्मन हैं। ओवैसी ने कहा कि संविधान की रक्षा के लिए अगर हमें अपनी जान और माल की कुर्बानी भी देनी पड़ी, तो हमें आगे बढ़कर इसके लिए तैयार रहना होगा। उन्होंने कहा कि संविधान कमजोर हुआ तो इसका सबसे ज्यादा नुकसान मुसलमानों, दलितों और समाज के कमजोर तबकों को उठाना पड़ेगा। इन वर्गों के लिए संविधान की मजबूती जिंदगी और मौत का सवाल है।

मुसलमानों और दलितों की परेशानियां एक जैसी, एकजुटता पर दिया जोर

असदुद्दीन ओवैसी ने मुसलमानों, दलितों और कमजोर वर्गों की सामाजिक एवं राजनीतिक स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि इन सभी तबकों की तकलीफें और परेशानियां एक जैसी हैं। उन्होंने इन वर्गों के बीच एकजुटता और राजनीतिक भागीदारी को जरूरी बताते हुए कहा कि संविधान, अधिकार और इंसाफ की लड़ाई मिलकर लड़नी होगी। रमाबाई मैदान की इस रैली के जरिए सामाजिक परिवर्तन मोर्चे ने 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले अपनी राजनीतिक ताकत दिखाने और चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री चेहरे के रूप में स्थापित करने का संदेश देने की कोशिश की।

Share this content:

About The Author

You may have missed