MHADA अधिकारी की काली कमाई से तंग आकर पत्नी ने की आत्महत्या, पति पर गंभीर आरोप
मुंबई के समता नगर इलाके से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां MHADA के उप-निबंधक बाबूराव कटरे की पत्नी रेनू कटरे ने आत्महत्या कर ली। रेनू ने अपने फ्लैट में फांसी लगाकर जान दे दी। आत्महत्या से पहले वह लंबे समय से पति की अवैध कमाई से परेशान थीं। बताया जा रहा है कि बाबूराव हर महीने 40 से 50 लाख रुपये की ब्लैक मनी घर लाता था, जिसे लेकर पति-पत्नी के बीच लगातार झगड़े होते थे।
रेनू बार-बार अपने पति को समझाती थीं कि वह यह गलत काम छोड़ दे, लेकिन बाबूराव पर इसका कोई असर नहीं हुआ। वह यहां तक कहता था कि ससुर इस ब्लैक मनी को व्हाइट में बदल दें। रेनू के भाई ने आरोप लगाया है कि बाबूराव ने मानसिक, आर्थिक और शारीरिक रूप से उनकी बहन को प्रताड़ित किया और अंत में वह आत्महत्या के लिए मजबूर हो गई।
घटना के दिन रेनू का परिवार बाबूराव से पुणे में मिलने वाला था, ताकि इस पूरे विवाद पर बात हो सके, लेकिन बाबूराव ने मिलने से इनकार कर दिया। इससे रेनू बेहद आहत हुई और उसने फांसी लगा ली। शव कमरे में फंदे से लटका मिला।
पुलिस ने मृतका के भाई की शिकायत पर बाबूराव कटरे के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी फरार है और उसकी तलाश की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं कि रिश्वत और भ्रष्टाचार का असर सिर्फ समाज पर नहीं, बल्कि परिवारों की बुनियाद पर भी पड़ता है।
Share this content:
