लखनऊ की बाजपेयी कचौड़ी दुकान पर जीएसटी की छापेमारी, टैक्स चोरी और गड़बड़ी की जांच जारी

लखनऊ के हजरतगंज स्थित प्रसिद्ध बाजपेयी कचौड़ी भंडार पर शुक्रवार को जीएसटी की टीम ने छापेमारी की, जिससे आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। जानकारी के मुताबिक, जीएसटी अधिकारियों ने दुकान में हिसाब-किताब में गड़बड़ी और टैक्स चोरी के आरोपों के तहत यह कार्रवाई की। इस दौरान दुकान के बाहर सुरक्षाकर्मी तैनात थे, जबकि अधिकारियों ने दुकान के अंदर दस्तावेजों और मशीनों की जांच की।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, जीएसटी टीम करीब साढ़े 12 बजे के आसपास दुकान पर पहुंची और कचौड़ी के मालिक से पूछताछ शुरू की। अधिकारियों ने दुकान के रजिस्टर और बिक्री के रिकॉर्ड जब्त किए और दस्तावेजों की गहन जांच की। इस दौरान रजिस्टर और बिल के मिलान में खामियां पाई गईं, जिसके बाद अधिकारियों ने दुकान में बैठकर हिसाब मिलाने की प्रक्रिया शुरू की। प्रारंभिक जांच में पाया गया कि दुकान ने टैक्स का भुगतान कम दिखाया था, जिससे टैक्स चोरी की संभावना जताई जा रही है। अब जीएसटी अधिकारी इस मामले की विस्तार से जांच कर रहे हैं और एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जा रही है, ताकि टैक्स चोरी के आरोपों का सत्यापन किया जा सके।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!