April 19, 2026

लखनऊ में साइबर ठगों ने रिटायर्ड डॉक्टर को दो दिन तक ‘डिजिटल अरेस्ट’ में रखा, 95 लाख रुपये की ठगी

लखनऊ में साइबर ठगों ने एक रिटायर्ड डॉक्टर को हाईटेक तरीके से जाल में फंसाया और उसे दो दिन तक ‘डिजिटल अरेस्ट’ में रखा। इस दौरान उन्होंने डॉक्टर से 95 लाख रुपये की भारी ठगी कर डाली। मामला गोमती नगर के विराट खंड का है, जहां रहने वाले डॉक्टर बीएन सिंह को एक फर्जी कॉल के जरिए ठगी का शिकार बनाया गया। डॉक्टर ने पुलिस को बताया कि रविवार दोपहर करीब 2 बजे उनके फोन पर दीपक कुमार श्रीवास्तव नामक व्यक्ति का कॉल आया। उसने खुद को कूरियर कंपनी ‘ब्लू डार्ट’ का कर्मचारी बताते हुए दावा किया कि उनके नाम से एक अवैध पार्सल पकड़ा गया है, जिसमें नशे जैसी आपत्तिजनक सामग्री है।

इसके बाद उसे कथित पुलिस अधिकारी ‘मोहनदास’ से बात करने के लिए कहा गया, जिससे पूरी कहानी और गंभीर हो गई। बाद में एक और कॉल आया, जिसमें खुद को वरिष्ठ अधिकारी बताने वाले व्यक्ति ने कहा कि डॉक्टर के आधार कार्ड का दुरुपयोग हुआ है और उनके खिलाफ जांच चल रही है। आरोपी ने डॉक्टर को जांच पूरी होने तक किसी से संपर्क न करने और हर समय निगरानी में रहने का निर्देश दिया।

इस दौरान ठगों ने डॉक्टर को मानसिक रूप से नियंत्रित किया और डर का माहौल बना दिया। आरोपियों ने जांच के नाम पर डॉक्टर से अपने अकाउंट में मौजूद पैसे RTGS के जरिए ट्रांसफर करवाने की मांग की। जालसाजों के झांसे में आकर डॉक्टर ने दो दिन में अलग-अलग किश्तों में कुल 95 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। जब ठगों ने 25 लाख रुपये और मांगे, तो डॉक्टर को ठगी की आशंका हुई और उन्होंने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी की कोशिश शुरू कर दी है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!