लंदन-मुंबई फ्लाइट में अचानक बिगड़ी यात्रियों और क्रू मेंबर्स की तबीयत, एयर इंडिया ने दी सफाई
एयर इंडिया की लंदन से मुंबई आ रही फ्लाइट AI-130 में सोमवार को उस वक्त हलचल मच गई, जब उड़ान के दौरान 5 यात्री और 2 केबिन क्रू मेंबर्स को चक्कर आने और मतली की शिकायत होने लगी। विमान उस समय हवा में था और इन लक्षणों से कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई। हालांकि, फ्लाइट के मुंबई में सुरक्षित लैंड करने के बाद सभी को मेडिकल सहायता दी गई। एयर इंडिया ने इस मामले में बयान जारी करते हुए कहा कि सभी प्रभावितों को शुरुआती इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और घटना की जांच शुरू हो चुकी है।
एयर इंडिया ने बताया कि विमान के उड़ान के दौरान अलग-अलग चरणों में लोगों को अचानक चक्कर और उल्टी जैसी परेशानी महसूस हुई। हालाँकि, कंपनी ने यह स्पष्ट नहीं किया कि फ्लाइट में कुल कितने लोग सवार थे। यह भी बताया गया कि फ्लाइट के मुंबई पहुंचने पर एयर इंडिया की मेडिकल टीम पहले से तैयार खड़ी थी, जिसने तुरंत सभी को आवश्यक प्राथमिक उपचार दिया।
इस पूरी घटना की सूचना नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) को भी दे दी गई है, जो अब फ्लाइट की सुरक्षा और इंफ्लाइट कंडीशन्स को लेकर जांच करेगा। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि यह स्वास्थ्य समस्या भोजन, हवा के दबाव या किसी अन्य कारण से हुई है।
दूसरी ओर, एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट में भी परेशानी
इसी दिन यानी सोमवार 23 जून को एक और घटना ने यात्रियों को मुश्किल में डाल दिया। जयपुर से दुबई जाने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX-195 को टेक-ऑफ से ठीक पहले तकनीकी खराबी के कारण रद्द करना पड़ा। जानकारी के मुताबिक, विमान सुबह 5:30 बजे उड़ान भरने वाला था, लेकिन टैक्सीवे तक जाने के बाद पायलट को तकनीकी खामी का एहसास हुआ।
इसके बाद चार घंटे तक विमान को ठीक करने की कोशिशें की गईं, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। यात्रियों को इस दौरान विमान के भीतर ही रोका गया, जिससे उनकी परेशानी और बढ़ गई। अंततः फ्लाइट कैंसिल कर दी गई और यात्रियों को नए टिकट बुक कराने या रिफंड का विकल्प दिया गया।
इन दोनों घटनाओं ने एक बार फिर एयर इंडिया की उड़ानों की तकनीकी और स्वास्थ्य सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, दोनों ही मामलों में यात्रियों को सुरक्षित रखा गया और एयरलाइन ने समय पर कार्रवाई की, लेकिन अब यह देखना होगा कि DGCA की जांच में इन घटनाओं की असल वजहें क्या निकलकर आती हैं।
Share this content:
