Axiom-4 मिशन: शुभांशु शुक्ला 25 जून को भरेंगे अंतरिक्ष के लिए उड़ान, NASA ने दी नई लॉन्च डेट
भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) की ओर अपनी ऐतिहासिक उड़ान के लिए पूरी तरह तैयार हैं। Axiom-4 मिशन, जिसमें शुक्ला मिशन पायलट की भूमिका निभा रहे हैं, अब 25 जून 2025 को लॉन्च होगा। यह जानकारी अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी NASA ने आधिकारिक बयान में साझा की है। पहले कई बार तकनीकी कारणों से मिशन की लॉन्चिंग टल चुकी थी, लेकिन अब आखिरकार वह बहुप्रतीक्षित घड़ी आ गई है, जब भारत के एक और बेटे की अंतरिक्ष की ओर ऐतिहासिक छलांग लगेगी।
NASA ने क्या कहा?
नासा, एक्सिओम स्पेस और स्पेसX ने संयुक्त रूप से पुष्टि की है कि Axiom Mission-4 की लॉन्चिंग अब बुधवार, 25 जून की तड़के की जाएगी। स्पेसएक्स का फाल्कन-9 रॉकेट, इस प्राइवेट मिशन को नासा के कैनेडी स्पेस सेंटर के लॉन्च कॉम्प्लेक्स 39A से प्रक्षेपित करेगा।
मिशन की कमान किसके हाथ में?
Axiom-4 मिशन का नेतृत्व अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री पैगी व्हिटसन कर रही हैं, जो इससे पहले कई अंतरिक्ष अभियानों का हिस्सा रह चुकी हैं। उनके साथ मिशन में शामिल हैं –
शुभांशु शुक्ला (भारत) – मिशन पायलट
टिबोर कपू (हंगरी) – मिशन विशेषज्ञ
स्लावोज उज्नान्स्की-विस्नीव्स्की (पोलैंड) – मिशन विशेषज्ञ
लॉन्चिंग की राह में आईं कई रुकावटें
इस मिशन की लॉन्चिंग पहले 29 मई को तय की गई थी, लेकिन स्पेसएक्स के फाल्कन-9 रॉकेट में तरल ऑक्सीजन के रिसाव और ISS के पुराने रूसी मॉड्यूल में लीकेज के कारण इसे बार-बार टालना पड़ा। इसके बाद क्रमशः 8, 10, 11, 19 और 22 जून को नई तारीखें तय की गईं, लेकिन तकनीकी या सिग्नलिंग कारणों से हर बार देरी होती रही। अब NASA ने पुष्टि की है कि 25 जून को सुबह लॉन्च और 26 जून को डॉकिंग तय है। डॉकिंग की समयावधि भारतीय समयानुसार शाम 4:30 बजे होगी।
भारत के लिए गौरव का क्षण
शुभांशु शुक्ला का यह मिशन भारत के लिए गर्व की बात है। निजी मिशनों में भारतीयों की बढ़ती भागीदारी भारत की वैश्विक अंतरिक्ष उपस्थिति को मजबूत बना रही है। Axiom-4 के जरिए भारत अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन में एक और प्रतिनिधित्व दर्ज कराने जा रहा है।
अब सबकी नजरें 25 जून पर टिकी हैं, जब भारत का नाम एक बार फिर अंतरिक्ष के मानचित्र पर चमकेगा।
Share this content:
