लखनऊ: लिव-इन पार्टनर की बेरहमी से हत्या—महिला ने दो बेटियों संग इंजीनियर प्रेमी का रेता गला, वारदात के बाद 10 घंटे कमरे में बैठी रही
लखनऊ के बीबीडी थाना क्षेत्र में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे एक इंजीनियर की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। ग्रीन सिटी, सालारगंज गांव में रहने वाली रत्ना (46) ने अपनी दो बेटियों के साथ मिलकर अपने प्रेमी और एक्जीक्यूटिव इंजीनियर सूर्य प्रताप सिंह (33) का गला काटकर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार हत्या रविवार रात करीब 11 बजे हुई और तीनों आरोपी महिला सोमवार सुबह तक कमरे में ही बैठी रहीं। सुबह रत्ना ने पुलिस को फोन कर कहा—“मैंने अपने प्रेमी की हत्या कर दी है, लाश कमरे में पड़ी है।”
हत्या की वजह के रूप में रत्ना ने बताया कि सूर्य उसकी बड़ी बेटी पर बुरी नजर रखता था, इसी बात पर रात में दोनों के बीच झगड़ा हुआ। गुस्से में रत्ना ने अपनी 18 और 14 साल की बेटियों के साथ मिलकर सूर्य को जमीन पर गिराया और चाकू से उसकी गला रेत दिया। मृतक मूलरूप से देवरिया का रहने वाला था और पिछले कई वर्षों से रत्ना और उसकी बेटियों के साथ लिव-इन में रह रहा था। दोनों की नजदीकियां 2012 में बढ़ी थीं जब सूर्य रत्ना की बेटियों को ट्यूशन पढ़ाया करता था।
कॉल मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और खून से सना चाकू बरामद किया। रत्ना और दोनों बेटियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। डीसपी ईस्ट शशांक सिंह ने बताया कि दोनों के बीच पिछले कुछ दिनों से विवाद बढ़ रहा था और इसी तनाव ने हत्या का रूप ले लिया। मृतक के पिता नरेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि यह एक सोची-समझी हत्या है और तीनों आरोपी पहले से प्लानिंग कर रहे थे।
पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। घटना से इलाके में दहशत फैल गई है और पुलिस अब यह जांच कर रही है कि हत्या अचानक गुस्से में हुई या इसके पीछे कोई और गहरी वजह छुपी है।
Share this content:
