लखनऊ में क्राइम ब्रांच इंस्पेक्टर की स्विमिंग पूल में डूबकर मौत, पुलिस में मचा हड़कंप
लखनऊ की 32वीं बटालियन में स्विमिंग पूल में नहाते समय क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर अश्विनी चतुर्वेदी की डूबने से मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस कमिश्नर सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। SDRF की टीम ने सर्च ऑपरेशन चलाकर शव को बरामद किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
डीसीपी सेंट्रल आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि शुक्रवार दोपहर 12 बजे महानगर थाने को सूचना मिली कि 32वीं बटालियन के स्विमिंग पूल में इंस्पेक्टर अश्विनी चतुर्वेदी डूब गए हैं। तत्काल पुलिस और पीएसी की टीम ने उन्हें बाहर निकालने का प्रयास किया और अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण डूबना बताया जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, अश्विनी चतुर्वेदी सुबह लगभग 8 बजे स्विमिंग ड्रेस में पूल में नहाने गए थे। काफी देर तक बाहर न आने और घर न पहुंचने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। जब कोई सुराग नहीं मिला तो SDRF को बुलाया गया, जिसने सर्च अभियान चलाकर शव को पूल से बरामद किया।
अश्विनी चतुर्वेदी अम्बेडकरनगर के रहने वाले थे और लखनऊ के लेखराज इलाके में अपने भतीजे और भांजे के साथ रहते थे। वे पूर्व में चिनहट थाने के प्रभारी भी रहे थे, लेकिन एक कथित कस्टोडियल डेथ के मामले के बाद वहां से हटाकर क्राइम ब्रांच में तैनात किया गया था।
पुलिस कमिश्नर ने मामले की गहन जांच के आदेश दे दिए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चलेगा। इस दुखद घटना से लखनऊ पुलिस में शोक की लहर है, और इंस्पेक्टर अश्विनी के परिजनों को इसकी जानकारी दे दी गई है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है ताकि हादसे के कारणों का सही आकलन किया जा सके।
Share this content:
