“लंबे बाल, कम हाइट, सांवला रंग… सामने आया तो पहचान लूंगी” — लखनऊ में अंडर सेक्रेटरी की पत्नी से लूटपाट, धारदार हथियार से हमला

लखनऊ के भूतनाथ मार्केट के पास स्थित राजकीय कॉलोनी में दिनदहाड़े एक सनसनीखेज लूटपाट की वारदात सामने आई है। इस हमले में बापू भवन में साइंस एंड टेक्नोलॉजी विभाग में तैनात अंडर सेक्रेटरी हरीश चंद्र पांडेय की पत्नी शशि पांडेय गंभीर रूप से घायल हो गईं। बदमाशों ने एसी सर्विस के नाम पर घर में घुसकर धारदार हथियार से हमला किया और चेन व बालियां लूट लीं।

घटना 9 जुलाई की दोपहर की है, जब शशि पांडेय किचन में थीं और बच्चे घर के अंदर कमरे में मौजूद थे। उसी दौरान किसी ने दरवाजा खटखटाया। शशि ने बाहर से आवाज लगाकर पूछा, तो सामने से जवाब मिला, “एसी सर्विस के लिए आए हैं, पांडेय जी ने भेजा है।” घर का माहौल शांत था, ऐसे में उन्होंने दरवाजा खोल दिया।

दरवाजा खुलते ही बदमाश ने अचानक धारदार हथियार से शशि पर हमला कर दिया, जिससे उनके गले पर गंभीर चोट आई। इसके बाद उसने गहने लूटे और फरार हो गया। शशि पांडेय को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां फिलहाल वह इलाजरत हैं। गले की गंभीर चोट के कारण उन्हें बोलने में परेशानी हो रही है, लेकिन उन्होंने पुलिस को दिए बयान में बदमाश की पहचान के अहम सुराग दिए हैं।

शशि पांडेय ने बताया कि हमलावर की उम्र लगभग 20 वर्ष रही होगी, बाल लंबे थे, कद छोटा और रंग सांवला था। घटना के समय उसने काली शर्ट पहन रखी थी। शशि ने कहा, “अगर वह सामने आया, तो मैं उसे तुरंत पहचान लूंगी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और संदिग्धों की तस्वीरें दिखाई हैं, जिनमें एक चेहरे को मैंने पहचाना है।”

पुलिस ने इस मामले में लूट, हत्या की कोशिश और धोखाधड़ी की धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कई संदिग्धों से पूछताछ जारी है और इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही हैं। राजकीय कॉलोनी में इस वारदात से दहशत का माहौल है।

Share this content:

About The Author

You may have missed