कर्नाटक में कर्ज विवाद बना हैवानियत की वजह: गुस्से में पति ने काट डाली पत्नी की नाक, केस दर्ज
कर्नाटक के दावणगेरे जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां कर्ज न चुकाने को लेकर हुए विवाद में एक पति ने अपनी ही पत्नी की नाक काट दी। घटना बुधवार को चन्नगिरी तालुक के मंतरगट्टा गांव में हुई। इस हमले में घायल महिला को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता की पहचान विद्या के रूप में हुई है, जिन्होंने अपने पति विजय के साथ मिलकर एक कर्ज लिया था। बताया जा रहा है कि विद्या ने यह लोन अपने नाम से लिया था और विजय उस लोन का गारंटर बना था। जब विद्या किश्तें चुकाने में असफल रही, तो कर्ज देने वालों का दबाव दोनों पर बढ़ने लगा। इसी बात को लेकर उनके बीच लगातार झगड़े होते थे।
बुधवार को भी पति-पत्नी के बीच तीखी बहस हुई, जिसके बाद गुस्से में आकर विजय ने विद्या पर हमला कर दिया। इस हमले में उसने विद्या की नाक का अगला हिस्सा काट दिया, जिससे महिला बुरी तरह घायल हो गई। घटना के बाद गांववालों ने तत्परता दिखाते हुए विद्या को पहले चन्नगिरी के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां से उन्हें शिवमोगा के मैकगैन अस्पताल और फिर एक निजी अस्पताल में रेफर किया गया।
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता विद्या की शिकायत पर जयनगर पुलिस स्टेशन में मेडिकल-लीगल केस (एमएलसी) दर्ज किया गया था, जिसे बाद में चन्नगिरी पुलिस स्टेशन को ट्रांसफर कर दिया गया। वहां पर अब एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू हो चुकी है। फिलहाल आरोपी पति फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है, और स्थानीय प्रशासन ने महिला की सुरक्षा को लेकर जरूरी कदम उठाए हैं। यह मामला सिर्फ एक घरेलू झगड़े का नहीं, बल्कि महिलाओं के खिलाफ बढ़ती घरेलू हिंसा की एक चिंताजनक तस्वीर भी पेश करता है।
Share this content:
