बॉलीवुड: नए साल पर धर्मेंद्र को खास श्रद्धांजलि, 14 साल बाद फिर सिनेमाघरों में लौटेगी ‘यमला पगला दीवाना’
Dharmendra Film Re-Release: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र की याद में नए साल की शुरुआत उनकी सुपरहिट फिल्म ‘यमला पगला दीवाना’ के साथ होने जा रही है। 14 साल पहले रिलीज हुई यह फिल्म अब 1 जनवरी को एक बार फिर सिनेमाघरों में दस्तक देगी, जिससे फैंस को उन्हें बड़े पर्दे पर दोबारा देखने का मौका मिलेगा।
24 नवंबर को धर्मेंद्र के निधन के बाद पूरे फिल्म जगत और उनके प्रशंसकों में शोक की लहर दौड़ गई थी। अब उनकी स्मृति को सम्मान देने के लिए उनकी चर्चित फिल्म ‘यमला पगला दीवाना’ को री-रिलीज करने का फैसला लिया गया है। इस फिल्म का निर्देशन समीर कार्णिक ने किया था और खास बात यह रही थी कि इसमें धर्मेंद्र के साथ उनके दोनों बेटे सनी देओल और बॉबी देओल भी नजर आए थे। तीनों का एक साथ आना दर्शकों के लिए उस वक्त भी खास था और आज भी यह फिल्म परिवारिक मनोरंजन की मिसाल मानी जाती है।
इस फिल्म के राइट्स एनएच स्टूडियोज के पास हैं। पहले इसे 19 दिसंबर को रिलीज करने की योजना बनाई गई थी, लेकिन हालिया फिल्मों की रिलीज और बॉक्स ऑफिस रणनीति को देखते हुए इसकी तारीख बदल दी गई। अब मेकर्स ने इसे नए साल के मौके पर रिलीज करने का फैसला किया है, ताकि दर्शक साल की शुरुआत एक हल्की-फुल्की, कॉमेडी और फैमिली एंटरटेनर फिल्म के साथ कर सकें। फिल्म में एक्शन, कॉमेडी और पारिवारिक भावनाओं का बेहतरीन मिश्रण देखने को मिलता है।
साल 2011 में रिलीज हुई ‘यमला पगला दीवाना’ को बॉक्स ऑफिस पर शानदार सफलता मिली थी। सैकनिल्क के मुताबिक फिल्म का बजट करीब 28 करोड़ रुपये था, जबकि इसने दुनियाभर में लगभग 88.55 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया था। यही वजह है कि आज भी यह फिल्म धर्मेंद्र, सनी और बॉबी देओल के करियर की यादगार फिल्मों में गिनी जाती है। री-रिलीज की खबर सामने आने के बाद फैंस में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
वहीं दूसरी ओर, धर्मेंद्र की एक नई फिल्म भी रिलीज के लिए तैयार है। ‘इक्कीस’ नाम की इस फिल्म का निर्माण मैडॉक फिल्म्स ने किया है और इसका निर्देशन श्रीराम राघवन ने किया है। फिल्म में अमिताभ बच्चन के नाती अगस्त्य नंदा मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। इस तरह धर्मेंद्र की पुरानी और नई फिल्मों के जरिए दर्शकों को उन्हें याद करने और उनके अभिनय का जश्न मनाने का मौका मिलेगा।
Share this content:
