April 25, 2026

प्रेमी संग रहने आई 2 बच्चों की मां, सरकारी नौकरी लगते ही लवर ने छोड़ा; घर से निकाला

कर्नाटक के दावणगेरे से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां दो बच्चों की मां ने अपने प्रेमी के लिए पति का साथ छोड़ दिया, लेकिन सरकारी नौकरी लगते ही उसी प्रेमी ने उसे ठुकरा दिया। महिला का आरोप है कि प्रेमी ने उसे घर से निकालने के साथ-साथ उसके गहने और पैसे भी हड़प लिए। महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कर न्याय की गुहार लगाई है।

जानकारी के मुताबिक, महिला हरपनहल्ली की रहने वाली है। उसने पति से अलग होने का फैसला लेते हुए तलाक की अर्जी दी और अपने दोनों बच्चों के साथ प्रेमी नवीन के पास आकर रहने लगी। प्रेमी नवीन मूल रूप से हुबली जिले का रहने वाला है और तीन साल पहले दावणगेरे आया था। शुरुआत में वह पेपर वैन चलाता था, लेकिन हाल ही में उसे केएसआरटीसी (KSRTC) में नौकरी मिल गई। नौकरी मिलते ही उसका रवैया पूरी तरह बदल गया और उसने महिला से दूरी बनानी शुरू कर दी।

मामला तब सुर्खियों में आया जब बुधवार को दावणगेरे के शामनूर रोड स्थित टैंक पार्क में दोनों के बीच जमकर झगड़ा हुआ। विवाद इतना बढ़ गया कि नवीन ने महिला पर हमला कर दिया। वहां मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची बरंगे पुलिस दोनों को थाने ले गई और पूछताछ शुरू की।

पुलिस के सामने महिला ने गंभीर आरोप लगाए कि नवीन ने उसके गहने और पैसों पर कब्जा कर लिया है और अब उसे धोखा दे रहा है। उसने बताया कि प्रेमी के भरोसे ही उसने अपना घर-परिवार छोड़ा और कानूनी तौर पर पति से अलग होने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी थी, लेकिन नौकरी मिलते ही प्रेमी ने उसे और बच्चों को ठुकरा दिया।

पुलिस ने बताया कि घटना के समय नवीन नशे की हालत में था, इसलिए तत्काल पूछताछ संभव नहीं हो सकी। हालांकि, महिला की शिकायत दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। इस पूरे घटनाक्रम ने स्थानीय स्तर पर बड़ी चर्चा छेड़ दी है, जहां लोग महिला के फैसले और प्रेमी के धोखे दोनों पर सवाल उठा रहे हैं।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!