RCB की घर में शर्मनाक हार, IPL 2025 में बनाया सबसे खराब रिकॉर्ड
आईपीएल 2025 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) को एक और करारी हार का सामना करना पड़ा। बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में पंजाब किंग्स के खिलाफ खेले गए मैच में टीम को 5 विकेट से शिकस्त मिली। यह हार सिर्फ एक और हार नहीं थी, बल्कि इससे आरसीबी ने एक ऐसा शर्मनाक रिकॉर्ड भी बना डाला, जो अब तक किसी भी टीम के नाम नहीं था। आईपीएल इतिहास में यह पहली बार हुआ है जब कोई टीम अपने होम ग्राउंड पर खेले गए तीनों मुकाबलों में हार गई हो। इस सीजन में आरसीबी ने घर पर गुजरात टाइटंस से 8 विकेट से, दिल्ली कैपिटल्स से 6 विकेट से और अब पंजाब किंग्स से 5 विकेट से हार झेली है।
आरसीबी के गेंदबाज़ और बल्लेबाज़ दोनों ही इस सीजन में उम्मीदों पर खरे नहीं उतर पाए हैं। पंजाब के खिलाफ हुए इस मैच में टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए केवल 95 रन बनाए। टिम डेविड ने 26 गेंदों में 50 रन बनाकर थोड़ी उम्मीद जगाई, जबकि रजत पाटीदार ने 23 रन बनाए। बाकी सभी बल्लेबाज पूरी तरह से फ्लॉप रहे। पंजाब किंग्स की ओर से नेहाल बढेरा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 33 रन बनाए और टीम को 5 विकेट से जीत दिलाई। यह मुकाबला बारिश के कारण 14-14 ओवर का कर दिया गया था।
आरसीबी अब आईपीएल के इतिहास में किसी एक वेन्यू पर सबसे ज्यादा मैच हारने वाली टीम बन गई है। बेंगलुरु के होम ग्राउंड पर टीम अब तक कुल 46 मुकाबले हार चुकी है। इससे पहले यह रिकॉर्ड दिल्ली कैपिटल्स के नाम था, जिन्होंने दिल्ली में 45 मैच गंवाए थे। कोलकाता नाइट राइडर्स ने कोलकाता में 38, मुंबई इंडियंस ने वानखेड़े में 34 और पंजाब किंग्स ने मोहाली में 30 मैच हारे हैं। यह रिकॉर्ड आरसीबी के लिए एक कड़वा सच है, क्योंकि किसी भी टीम के लिए होम ग्राउंड सबसे मजबूत गढ़ माना जाता है, लेकिन आरसीबी के लिए यही मैदान अब उसकी सबसे बड़ी कमजोरी बन चुका है।
Share this content:
