केएल राहुल बना सकते हैं आईपीएल में सबसे तेज 5000 रन बनाने का रिकॉर्ड, टारगेट पर वॉर्नर और कोहली
आईपीएल 2025 के 40वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स का सामना 22 अप्रैल को लखनऊ सुपर जायंट्स से होगा। इस मैच में दिल्ली के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज केएल राहुल के पास एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम करने का मौका होगा। वह आईपीएल इतिहास में सबसे तेज 5000 रन पूरे करने वाले बल्लेबाज बन सकते हैं। फिलहाल वह इस माइलस्टोन से सिर्फ 51 रन दूर हैं और अगर वह ये रन बना लेते हैं तो डेविड वॉर्नर का रिकॉर्ड तोड़ देंगे।
अभी तक डेविड वॉर्नर ने 135 पारियों में 5000 रन पूरे किए हैं, जबकि केएल राहुल ने अब तक सिर्फ 129 पारियों में 4949 रन बना लिए हैं। इस मामले में विराट कोहली भी पीछे रह जाएंगे, जिन्होंने 157 पारियों में यह आंकड़ा छुआ था। राहुल के पास न सिर्फ सबसे तेज 5000 रन बनाने का मौका है, बल्कि वो ऐसा करने वाले पहले भारतीय बनने का गौरव भी हासिल कर सकते हैं।
आईपीएल 2025 सीजन में केएल राहुल का प्रदर्शन भी शानदार रहा है। अब तक खेले गए 6 मैचों की 6 पारियों में उन्होंने 53.20 की औसत और 158.33 के स्ट्राइक रेट से 266 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने दो अर्धशतक भी जड़े हैं और फिलहाल दिल्ली की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उनकी इस लय ने दिल्ली कैपिटल्स को पॉइंट्स टेबल में भी मजबूती दिलाई है, जहां टीम ने 7 मैचों में 5 जीत के साथ 10 अंक लेकर दूसरा स्थान हासिल किया है।
केएल राहुल ने अपना आईपीएल डेब्यू साल 2013 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए किया था। इसके बाद वह सनराइजर्स हैदराबाद, दोबारा आरसीबी, फिर पंजाब किंग्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए खेले। लखनऊ की कप्तानी करते हुए उन्होंने तीन सीजन बिताए और अब आईपीएल 2025 की मेगा ऑक्शन में उन्हें दिल्ली कैपिटल्स ने खरीदा है। अपने पुराने फ्रेंचाइजी लखनऊ के खिलाफ मैदान में उतरते हुए वह इस बार एक नया इतिहास रचने के इरादे से उतरेंगे।
Share this content:
