April 22, 2026

IPL के शोर के बीच न्यूजीलैंड क्रिकेट ने किया बड़ा ऐलान, इन 4 नए चेहरों को मिला सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट

आईपीएल 2025 के दौरान जब पूरी दुनिया की नजरें भारत में चल रहे टी20 टूर्नामेंट पर टिकी हुई हैं, उसी बीच न्यूजीलैंड क्रिकेट ने अपने घरेलू क्रिकेट ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड ने 2025-26 सीजन के लिए सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट की घोषणा कर दी है, जिसमें कुल 20 खिलाड़ियों को जगह दी गई है।

इस बार चार नए खिलाड़ियों को पहली बार इस केंद्रीय अनुबंध में शामिल किया गया है। मिच हे, मुहम्मद अब्बास, जक फाउलकेस और आदि अशोक जैसे नामों ने बीते एक साल में प्रभावी प्रदर्शन करते हुए यह उपलब्धि हासिल की है। इन खिलाड़ियों को न्यूजीलैंड क्रिकेट का भविष्य माना जा रहा है और बोर्ड ने इन पर भरोसा जताते हुए उन्हें सीजन के लिए कॉन्ट्रैक्ट प्रदान किया है।

इन नए चेहरों के शामिल होने से टीम की बेंच स्ट्रेंथ मजबूत हुई है। ये खिलाड़ी जुलाई में होने वाले जिम्बाब्वे दौरे पर चयन के प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं। इसके अलावा वेस्टइंडीज और इंग्लैंड जैसी मजबूत टीमों के खिलाफ आगामी शृंखलाओं में भी इन्हें मौके दिए जा सकते हैं।

न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड के सीईओ स्कॉट वेनिंक ने इस घोषणा पर कहा कि इन चारों खिलाड़ियों का सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट पाना यह दर्शाता है कि देश में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि इन खिलाड़ियों ने यह साबित कर दिया है कि वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने में सक्षम हैं और भविष्य में टीम की रीढ़ बन सकते हैं।

हालांकि, इस बार की सूची में कुछ बड़े और अनुभवी नामों की अनुपस्थिति भी चर्चा का विषय बन गई है। केन विलियमसन, डेवोन कॉनवे, फिन एलन और लॉकी फर्ग्युसन जैसे नामों को इस बार अनुबंध सूची में शामिल नहीं किया गया है। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर नजर बनी हुई है और भविष्य में उनके अनुबंध को लेकर पुनर्विचार किया जा सकता है।

न्यूजीलैंड के 2025-26 सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में शामिल 20 खिलाड़ी इस प्रकार हैं:

आदित्य अशोक, माइकल ब्रेसवेल, टॉम ब्लंडेल, मार्क चैपमैन, जैकब डफी, जैक फाउलकेस, मिच हे, मैट हेनरी, काइल जैमीसन, टॉम लैथम, डेरिल मिचेल, मुहम्मद अब्बास, हेनरी निकोल्स, विल ओ’रुरके, ग्लेन फिलिप्स, रचिन रवींद्र, मिचेल सेंटनर, बेन सियर्स, नाथन स्मिथ और विल यंग।

न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड का यह निर्णय आगामी वर्षों के लिए एक मजबूत टीम तैयार करने की दिशा में अहम माना जा रहा है। अब देखना यह होगा कि ये नए खिलाड़ी मैदान पर अपने प्रदर्शन से कितना प्रभाव छोड़ पाते हैं और सीनियर टीम में खुद को कितनी जल्दी स्थापित कर पाते हैं।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!