IPL 2025 Final: क्या टिम डेविड खेलेंगे आज का बड़ा मुकाबला? RCB की प्लेइंग XI को लेकर बना सस्पेंस
आईपीएल 2025 का फाइनल मुकाबला आज अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और पंजाब किंग्स के बीच खेला जाएगा। यह मुकाबला शाम 7:30 बजे से शुरू होगा, जिसे लेकर क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह है। सीजन का यह आखिरी और सबसे बड़ा मैच है, जिसमें आईपीएल को एक नया चैंपियन मिलने जा रहा है। ऐसे में सबकी नजर इस बात पर है कि RCB किन 11 खिलाड़ियों के साथ मैदान में उतरेगी।
पिछले कुछ मैचों में शानदार लय में नजर आई RCB फाइनल मुकाबले के लिए एक मजबूत प्लेइंग XI के साथ उतरना चाहेगी। हालांकि, एक घातक खिलाड़ी की फिटनेस को लेकर अब भी सस्पेंस बरकरार है, जो टीम की रणनीति को काफी हद तक प्रभावित कर सकता है।
ओपनिंग को लेकर टीम में कोई बदलाव की संभावना नहीं है। विराट कोहली और फिल साल्ट ही ओपनिंग की जिम्मेदारी संभालेंगे। इन दोनों की जोड़ी ने पूरे सीजन में बेहतरीन तालमेल दिखाया है। तीसरे नंबर पर मयंक अग्रवाल को उतारा जा सकता है, जो तेज शुरुआत को स्थिरता में बदलने का काम करते हैं। वहीं चौथे नंबर पर कप्तान रजत पाटीदार की मौजूदगी लगभग तय मानी जा रही है।
अब सबसे बड़ा सवाल ये है कि क्या मिडल ऑर्डर में टिम डेविड की वापसी होगी? टिम डेविड कुछ मैचों से चोट के कारण टीम से बाहर हैं और उनकी जगह लियाम लिविंगस्टोन को मौका दिया गया, लेकिन वे उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे हैं। अगर डेविड फिट होते हैं तो सीधे प्लेइंग XI में आ सकते हैं, और लिविंगस्टोन को बाहर बैठना पड़ सकता है। ये फैसला अंतिम समय में लिया जाएगा। छठे नंबर पर विकेटकीपर जितेश शर्मा उतरेंगे, जिन्होंने पिछले मैचों में अहम पारियां खेली हैं।
ऑलराउंडर की भूमिका में रोमारियो शेफर्ड और क्रुणाल पंड्या को जगह मिल सकती है। दोनों ने पिछले मुकाबलों में उपयोगी प्रदर्शन किया है, खासकर शेफर्ड की गेंदबाजी और डेथ ओवर्स की बल्लेबाजी निर्णायक साबित हो सकती है।
गेंदबाजी विभाग की बात करें तो तीन स्पेशलिस्ट तेज गेंदबाजों – भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड और यश दयाल – का खेलना तय माना जा रहा है। यह तिकड़ी विरोधी बल्लेबाजी क्रम को परेशान करने की क्षमता रखती है। इसके अलावा स्पिनर सुयश शर्मा पर भी सबकी निगाहें होंगी, जिन्होंने पिछले मैच में केवल 17 रन देकर 3 विकेट लिए थे और मैन ऑफ द मैच बने थे।
RCB की रणनीति इस बात पर निर्भर करेगी कि टीम पहले बल्लेबाजी करती है या गेंदबाजी। यदि RCB पहले बल्लेबाजी करती है, तो मयंक अग्रवाल को बल्लेबाजी के बाद सब्स्टिट्यूट करके सुयश शर्मा को इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर उतारा जा सकता है। वहीं यदि टीम पहले गेंदबाजी करती है, तो सुयश शुरुआत से प्लेइंग XI में होंगे और बाद में मयंक को इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में शामिल किया जा सकता है।
RCB की संभावित प्लेइंग XI (IPL 2025 Final के लिए):
विराट कोहली, फिल साल्ट, मयंक अग्रवाल, रजत पाटीदार (कप्तान), टिम डेविड/लियाम लिविंगस्टोन, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, यश दयाल, जोश हेजलवुड
फाइनल मैच में यह देखना दिलचस्प होगा कि RCB किस संयोजन के साथ मैदान में उतरती है और क्या टिम डेविड को मौका मिलता है या नहीं। यह फैसला टीम की किस्मत और ट्रॉफी की दिशा तय कर सकता है।
Share this content:
