April 19, 2026

KKR के लिए प्लेऑफ की राह मुश्किल, जानिए अब क्या है पूरा समीकरण

आईपीएल 2025 में कोलकाता नाइट राइडर्स का प्रदर्शन अब तक काफी निराशाजनक रहा है। टीम ने इस सीजन अभी तक 8 मुकाबले खेले हैं, जिसमें से सिर्फ 3 में जीत और 5 में हार मिली है। गुजरात टाइटंस से मिली हालिया हार के बाद कोलकाता के 6 अंक हैं और टीम पॉइंट्स टेबल में सातवें स्थान पर पहुंच गई है। बतौर डिफेंडिंग चैंपियंस शुरुआत में जिस उम्मीद के साथ KKR मैदान में उतरी थी, वो अब कहीं नज़र नहीं आ रही है।

प्लेऑफ की दौड़ में बने रहने के लिए अब कोलकाता को अपने सभी बचे हुए मैचों में जीत हासिल करनी होगी। टीम को इस सीजन अभी 6 मुकाबले और खेलने हैं। आमतौर पर प्लेऑफ में पहुंचने के लिए 16 अंक ज़रूरी माने जाते हैं, इसलिए केकेआर को कम से कम पांच मैच जीतकर अपने खाते में 10 अंक और जोड़ने होंगे। यदि टीम 5 मुकाबले जीतती है तो वह 16 अंकों के साथ क्वालीफाई कर सकती है, जबकि सभी छह मैच जीतने पर उसके 18 अंक हो सकते हैं, जिससे उसकी स्थिति और मज़बूत हो जाएगी।

हालांकि, मौजूदा फॉर्म को देखते हुए कोलकाता के लिए यह सफर आसान नहीं होगा। टीम के बल्लेबाज और गेंदबाज दोनों ही अब तक स्थिरता नहीं दिखा पाए हैं। 21 अप्रैल को खेले गए मुकाबले में केकेआर को गुजरात टाइटंस से 39 रनों से करारी हार मिली। गुजरात ने शुभमन गिल और साई सुदर्शन की अर्धशतकीय पारियों की बदौलत 20 ओवर में 3 विकेट पर 198 रन बनाए। जवाब में कोलकाता की टीम 20 ओवर में सिर्फ 159 रन ही बना सकी। इस हार के साथ KKR की प्लेऑफ की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है।

दूसरी ओर, गुजरात टाइटंस ने इस जीत के साथ इस सीजन में 12 अंक पूरे कर लिए हैं और पॉइंट्स टेबल में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है। GT ने अब तक खेले 8 मैचों में से 6 में जीत हासिल की है और उसका खेल लगातार मजबूती के साथ आगे बढ़ रहा है। वहीं केकेआर के लिए अब हर मैच करो या मरो की स्थिति जैसा हो गया है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!