May 8, 2026

IPL 2025: डेवोन कॉनवे का धमाका – रिटायर्ड आउट होकर भी रच दिया इतिहास, बने सबसे तेज 1000 रन बनाने वाले तीसरे बल्लेबाज़

चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के सलामी बल्लेबाज डेवोन कॉनवे ने भले ही पंजाब किंग्स के खिलाफ टीम को जीत न दिला पाए हों, लेकिन अपनी शानदार बल्लेबाज़ी से वो एक खास रिकॉर्ड अपने नाम कर गए। IPL 2025 के 22वें मैच में उन्होंने न सिर्फ सीज़न का पहला अर्धशतक लगाया, बल्कि सबसे तेज़ 1000 आईपीएल रन बनाने वालों की सूची में तीसरे नंबर पर पहुंच गए।

49 गेंदों में खेली 69 रनों की पारी, फिर हुए रिटायर्ड आउट

पंजाब किंग्स द्वारा दिए गए 220 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी CSK की ओर से कॉनवे ने 49 गेंदों में 69 रनों की बेहतरीन पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 6 चौके और 2 छक्के लगाए। जब तक वो क्रीज पर थे, चेन्नई की जीत की उम्मीदें बरकरार थीं। लेकिन 69 के निजी स्कोर पर वो रिटायर्ड आउट हो गए, जिससे मैच का रुख बदल गया।

सिर्फ 24 पारियों में पूरे किए 1000 रन

इस मैच में कॉनवे ने आईपीएल करियर के 1000 रन भी पूरे कर लिए। उन्होंने यह आंकड़ा सिर्फ 24 पारियों में छू लिया, जो उन्हें इस सूची में तीसरे नंबर पर लाता है। उनसे तेज़ सिर्फ शॉन मार्श (21 पारी) और लेंडल सिमंस (23 पारी) ने यह उपलब्धि हासिल की थी।

IPL में सबसे तेज़ 1000 रन बनाने वाले बल्लेबाज़:

21 पारियां – शॉन मार्श

23 पारियां – लेंडल सिमंस

24 पारियां – डेवोन कॉनवे

25 पारियां – साई सुदर्शन

25 पारियां – मैथ्यू हेडन

IPL करियर में शानदार रिकॉर्ड

डेवोन कॉनवे अब तक 25 मैचों में 47.90 की औसत और 140.30 के स्ट्राइक रेट से 1,006 रन बना चुके हैं। उनके सभी रन चेन्नई सुपर किंग्स के लिए आए हैं। उन्होंने IPL में 2022 से डेब्यू किया था और तब से लेकर अब तक टीम के लिए महत्वपूर्ण पारियां खेली हैं।

शिवम दुबे के साथ अहम साझेदारी

पंजाब के खिलाफ मुकाबले में उन्होंने शिवम दुबे (42 रन) के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 51 गेंदों में 89 रन की साझेदारी की। इस दौरान चेन्नई जीत की ओर बढ़ती दिख रही थी, लेकिन कॉनवे के रिटायर्ड आउट होते ही मैच की रफ्तार धीमी हो गई। अंत में धोनी (27 रन) की कोशिशों के बावजूद चेन्नई को 18 रनों से हार का सामना करना पड़ा।

डेवोन कॉनवे की यह पारी भले ही टीम को जीत न दिला सकी हो, लेकिन उनके नाम एक और शानदार रिकॉर्ड जरूर जुड़ गया।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!