India-US Trade Deal: भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के लिए फिर वॉशिंगटन जाएगा भारतीय दल, जल्द शुरू होगा दूसरा दौर
भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित व्यापार समझौते को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। वाणिज्य मंत्रालय का एक उच्चस्तरीय दल जल्द ही अमेरिका के साथ दूसरे दौर की बातचीत के लिए वॉशिंगटन रवाना होगा। एक सरकारी अधिकारी के अनुसार, इस दौरे में अंतरिम और पहले चरण के व्यापार समझौते (BTA) पर बातचीत होगी। हालांकि यात्रा की तारीखें अभी तय नहीं हैं, लेकिन सूत्रों की मानें तो यह दौरा अगले सप्ताह हो सकता है।
भारत की ओर से वार्ता का नेतृत्व विशेष सचिव राजेश अग्रवाल कर रहे हैं। उनका दल हाल ही में पहले दौर की बातचीत के बाद इस महीने की शुरुआत में वॉशिंगटन से लौटा था। यह नया दौरा इसलिए भी अहम है क्योंकि अमेरिका ने भारत पर लगाए गए अतिरिक्त 26% टैरिफ को 1 अगस्त तक के लिए स्थगित किया हुआ है। ऐसे में समझौते पर समय रहते सहमति बनना दोनों देशों के हित में माना जा रहा है।
राजेश अग्रवाल ने बताया कि भारत इस व्यापार समझौते को इस साल सितंबर-अक्टूबर के दौरान अंतिम रूप देने की कोशिश कर रहा है। फिलहाल दोनों देशों की प्राथमिकता एक अंतरिम समझौते को पहले चरण में पूरा करने की है, जिससे आगे का रास्ता सुगम हो सके।
अब तक 26 देशों के साथ 14 से ज्यादा FTA
अग्रवाल ने यह भी जानकारी दी कि भारत ने अब तक 26 देशों के साथ 14 से ज्यादा फ्री ट्रेड एग्रीमेंट्स (FTA) लागू किए हैं। हाल ही में भारत ने ब्रिटेन के साथ भी व्यापार समझौते को अंतिम रूप दिया है और यूरोपीय संघ के साथ वार्ता उन्नत चरण में है। भारत अब वैश्विक व्यापार में खुद को एक अहम खिलाड़ी बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
और किन देशों से चल रही बातचीत?
भारत फिलहाल चिली, पेरू जैसे लैटिन अमेरिकी देशों के साथ भी व्यापारिक समझौतों पर बातचीत कर रहा है। इसके अलावा, ऑस्ट्रेलिया और यूएई के साथ समझौते पहले ही हो चुके हैं, जबकि न्यूजीलैंड के साथ बातचीत जारी है। अग्रवाल ने कहा कि भारत प्रमुख वैश्विक बाजारों और अर्थव्यवस्थाओं से जुड़ने के लिए रणनीतिक प्रयास कर रहा है ताकि निर्यात और व्यापारिक संबंधों को और मजबूत किया जा सके।
Share this content:
