भारत और न्यूजीलैंड के बीच शुरू होने जा रही वनडे सीरीज से पहले कीवी टीम की टेंशन साफ नजर आ रही है। वजह है टीम इंडिया की वो जोड़ी, जिसने सालों से न्यूजीलैंड के गेंदबाजों की नींद उड़ाकर रखी है। रोहित शर्मा और विराट कोहली, यानी RO-KO, का नाम आते ही विपक्षी खेमे में दबाव बनना तय है। ओपनिंग पर रोहित अगर टिक गए तो गेंदबाजों की मुश्किलें बढ़ जाती हैं और अगर उनसे बच भी गए, तो विराट कोहली का सामना करना किसी बुरे सपने से कम नहीं होता।
भारतीय मैदानों पर न्यूजीलैंड के खिलाफ RO-KO का रिकॉर्ड इस डर की सबसे बड़ी वजह है। रोहित शर्मा ने भारत में न्यूजीलैंड के खिलाफ 15 वनडे मुकाबले खेले हैं, जिसमें उन्होंने 44.28 की औसत से 620 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 2 शानदार शतक निकले हैं और उनका सर्वोच्च स्कोर 147 रन का रहा है। रोहित का आक्रामक अंदाज पावरप्ले में ही मैच का रुख बदल देता है, जिससे कीवी गेंदबाज शुरुआत से ही बैकफुट पर चले जाते हैं।
अगर रोहित खतरनाक हैं, तो विराट कोहली भारतीय हालात में न्यूजीलैंड के लिए और भी बड़ी चुनौती साबित हुए हैं। विराट ने न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत में 18 वनडे मैच खेले हैं और 74.8 की जबरदस्त औसत से 1122 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 5 शतक जड़े हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ विराट का सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 154 रन भी भारतीय मैदानों पर ही आया है। आंकड़े साफ बताते हैं कि घरेलू परिस्थितियों में विराट को रोक पाना कीवी टीम के लिए हमेशा से मुश्किल रहा है।
रोहित और विराट का मौजूदा फॉर्म भी न्यूजीलैंड की चिंता बढ़ा रहा है। विजय हजारे ट्रॉफी में दोनों बल्लेबाज शानदार लय में नजर आए हैं। रोहित शर्मा ने 2 मैचों में 77.50 की औसत से 155 रन बनाए, जिसमें 9 छक्के और 18 चौके शामिल हैं। वहीं विराट कोहली ने 2 मैचों में 104 की औसत से 204 रन ठोके, जिसमें 4 छक्के और 27 चौके जड़े।
अब अगर घरेलू मैदानों पर न्यूजीलैंड के खिलाफ RO-KO का पुराना रिकॉर्ड और हालिया फॉर्म मौजूदा वनडे सीरीज में भी जारी रहता है, तो कीवी टीम के लिए हालात बेहद मुश्किल हो सकते हैं। साफ है, इस सीरीज में न्यूजीलैंड को सबसे बड़ा डर अगर किसी से है, तो वो है रोहित और विराट की जोड़ी।
Share this content:
