May 6, 2026

Triptii Dimri Replaced Deepika Padukone: ‘ओ रोमियो’ के टीजर के साथ क्यों फिर छिड़ी दीपिका पादुकोण के रिप्लेसमेंट की चर्चा?

विशाल भारद्वाज का नाम सामने आते ही बॉलीवुड दर्शकों में एक्साइटमेंट अपने आप बढ़ जाती है। उनकी फिल्मों की कहानी, किरदार और ट्रीटमेंट हमेशा कुछ अलग होता है। अब उनकी अपकमिंग फिल्म ‘ओ रोमियो’ को लेकर एक बार फिर चर्चाओं का बाजार गर्म है। हाल ही में शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी स्टारर इस फिल्म का टीजर रिलीज हुआ, जिसे दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। लेकिन टीजर के साथ ही सोशल मीडिया पर विशाल भारद्वाज का करीब 8 साल पुराना एक पोस्ट वायरल हो गया, जिसने दीपिका पादुकोण को लेकर नई अटकलों को जन्म दे दिया है।

दरअसल, साल 2018 में विशाल भारद्वाज एक ऐसे प्रोजेक्ट पर काम कर रहे थे, जिसका नाम उस वक्त तय नहीं हुआ था। उस फिल्म को लेकर खबरें थीं कि इसमें दीपिका पादुकोण और दिवंगत अभिनेता इरफान खान अहम भूमिकाओं में नजर आने वाले हैं। बताया गया था कि दीपिका उस फिल्म में ‘अफसाना’ नाम का किरदार निभाने वाली थीं, जबकि इरफान खान मुख्य भूमिका ‘उस्तरा’ के रूप में दिखाई देते। यह प्रोजेक्ट काफी चर्चा में था, लेकिन कुछ वजहों से यह फिल्म आगे नहीं बढ़ पाई।

उस समय विशाल भारद्वाज ने खुद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर फिल्म को टालने की जानकारी दी थी। उन्होंने लिखा था कि उनके दोनों मुख्य कलाकार स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं। इरफान खान को पीलिया हो गया था, वहीं दीपिका पादुकोण को पीठ से जुड़ी परेशानी थी, जो ‘पद्मावत’ की शूटिंग के दौरान शुरू हुई थी। इन्हीं कारणों से फिल्म को कुछ महीनों के लिए पोस्टपोन कर दिया गया, लेकिन बाद में यह प्रोजेक्ट ठंडे बस्ते में चला गया।

अब जब ‘ओ रोमियो’ का टीजर सामने आया है और इसमें शाहिद कपूर के साथ तृप्ति डिमरी नजर आ रही हैं, तो फैंस उस पुराने प्रोजेक्ट से इसकी तुलना करने लगे हैं। सोशल मीडिया पर कई यूजर्स का मानना है कि यह वही फिल्म हो सकती है, जिसे अब नए स्टारकास्ट के साथ दोबारा बनाया गया है। इसी वजह से यह चर्चा तेज हो गई है कि क्या दीपिका पादुकोण की जगह तृप्ति डिमरी को कास्ट किया गया है।

खास बात यह है कि इससे पहले भी ऐसी खबरें आ चुकी हैं कि तृप्ति डिमरी ने एक बड़े प्रोजेक्ट में दीपिका पादुकोण को रिप्लेस किया था, जिससे तुलना और तेज हो गई। हालांकि, मेकर्स की तरफ से इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। ‘ओ रोमियो’ एक एक्शन-थ्रिलर फिल्म बताई जा रही है, जिसमें रोमांस और ड्रामा का भी तड़का होगा। फिल्म 13 फरवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी और इसमें तमन्ना भाटिया, अविनाश तिवारी, विक्रांत मैसी, दिशा पाटनी और फरीदा जलाल जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!