‘हरि हर वीरा मल्लू’ की रफ्तार पर लगी ब्रेक, पवन कल्याण की फिल्म 2 दिन में कमा सकी सिर्फ 55.50 करोड़
साउथ सुपरस्टार और आंध्र प्रदेश के डिप्टी सीएम पवन कल्याण की कमबैक फिल्म हरि हर वीरा मल्लू ने ओपनिंग पर जबरदस्त कमाई कर धमाका जरूर किया, लेकिन दूसरे ही दिन फिल्म की कमाई बुरी तरह से लड़खड़ा गई। जहां पहले दिन फिल्म से बड़े कलेक्शन की उम्मीद की जा रही थी, वहीं अब गिरते ग्राफ ने मेकर्स की चिंता बढ़ा दी है।
फिल्म की शुरुआत शानदार रही थी। प्रीमियर शोज से ही 12.75 करोड़ रुपए की कमाई हुई थी। वहीं, ओपनिंग डे पर फिल्म ने 34.75 करोड़ रुपए का कलेक्शन दर्ज कराया, जिससे माना जा रहा था कि वीकेंड तक फिल्म 100 करोड़ के करीब पहुंच जाएगी। लेकिन दूसरे दिन की कमाई घटकर सिर्फ 8 करोड़ रुपए रह गई, जिससे कुल दो दिनों की कमाई 55.50 करोड़ रुपए पर सिमट गई है।
यह गिरावट लगभग 27 करोड़ रुपए की है, जो पवन कल्याण के फैंस और फिल्म निर्माताओं के लिए निराशाजनक मानी जा रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म का बजट करीब 300 करोड़ रुपए है और अगर यह फिल्म वीकेंड तक 100 करोड़ का आंकड़ा नहीं छूती है तो इसके लिए नुकसान की आशंका बढ़ सकती है।
इस बीच हिंदी बेल्ट में रिलीज हुई फिल्म ‘Saiyaara’ ने कमाल कर दिया है। महज 40 करोड़ की लागत में बनी यह फिल्म अब तक 200 करोड़ के करीब पहुंच गई है और लगातार बॉक्स ऑफिस पर छाई हुई है। हालांकि दोनों फिल्मों की ऑडियंस अलग है, लेकिन हरि हर वीरा मल्लू की गिरती कमाई के सामने Saiyaara की रफ्तार तुलनात्मक रूप से कहीं अधिक मजबूत दिख रही है।
अब पवन कल्याण की फिल्म के लिए आने वाला वीकेंड बेहद निर्णायक होने वाला है। अगर फिल्म तीन दिनों के भीतर खुद को संभाल नहीं पाती तो 300 करोड़ के भारी भरकम बजट की भरपाई मुश्किल हो सकती है। वहीं अब तक इसके वर्ल्डवाइड कलेक्शन के आंकड़े भी सामने नहीं आए हैं, जिससे स्थिति को लेकर सस्पेंस बना हुआ है।
Share this content:
