May 3, 2026

हैदराबाद में सनसनीखेज घटना: शराब के नशे में महिला ने रेलवे ट्रैक पर दौड़ाई कार, अधिकारियों की कोशिश नाकाम

हैदराबाद से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक शराब के नशे में धुत महिला ने सीधे रेलवे ट्रैक पर कार दौड़ा दी। यह मामला शंकरपल्ली रेलवे स्टेशन के पास का है, जहां रेलवे के अधिकारी और कर्मचारी उस वक्त सन्न रह गए जब उन्होंने एक कार को रेलवे ट्रैक पर सरपट दौड़ते देखा। अधिकारियों ने कार रोकने की कोशिश की, लेकिन महिला ने स्पीड और बढ़ा दी।

इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कार रेलवे लाइन पर दौड़ती नजर आ रही है। रेल कर्मचारियों ने तुरंत स्थिति की गंभीरता को समझते हुए ट्रैक पर चल रही बेंगलुरु-हैदराबाद रेल लाइन की सभी ट्रेनों को रोक दिया। कुछ देर तक अधिकारियों ने कार का पीछा भी किया लेकिन महिला कार को लेकर भागती रही। अंततः थोड़ी दूर जाकर उसने कार को ट्रैक से नीचे उतार दिया, जो पेड़ों से टकराकर रुक गई। इस टक्कर से कार के शीशे टूट गए लेकिन कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।

रेलवे पुलिस ने महिला को तुरंत हिरासत में ले लिया। पूछताछ में यह सामने आया कि वह शराब के नशे में थी। अब इस पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है कि आखिर महिला कार लेकर रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंच गई। अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा के लिहाज से यह एक बड़ा चूक है और इसकी जिम्मेदारी तय की जाएगी।

घटना के बाद कुछ देर तक रेल सेवाएं बाधित रहीं, लेकिन जब ट्रैक को सुरक्षित पाया गया, तब जाकर ट्रेनों की आवाजाही फिर से शुरू की गई। रेल विभाग ने इस घटना को गंभीर मानते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!