May 3, 2026

उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में बड़ा हादसा: यात्रियों से भरी बस अलकनंदा नदी में समाई, 3 की मौत, 10 अब भी लापता

उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में बृहस्पतिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने चारधाम यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं की यात्रा को मातम में बदल दिया। रुद्रप्रयाग के घोलतीर क्षेत्र में एक मिनी बस अनियंत्रित होकर अलकनंदा नदी में जा गिरी, जिसमें 20 यात्री सवार थे। हादसे में अब तक 3 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 8 घायल हैं और 10 लोग लापता बताए जा रहे हैं। लापता यात्रियों की तलाश के लिए SDRF और स्थानीय प्रशासन द्वारा सघन रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

प्रशासन के मुताबिक, यह बस चारधाम यात्रा के दौरान केदारनाथ दर्शन के बाद बद्रीनाथ की ओर जा रही थी, जब ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर अचानक एक ट्रक से टकराकर खाई में जा गिरी और सीधे उफनती अलकनंदा नदी में समा गई। बताया जा रहा है कि बस में सवार यात्रियों में राजस्थान के 7, गुजरात के 7, मध्य प्रदेश के 3 और महाराष्ट्र के 2 लोग शामिल थे, जबकि चालक हरिद्वार का था।

घायलों में 9 और 10 साल के दो बच्चे भी शामिल हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों की सूची प्रशासन ने सार्वजनिक कर दी है। बस के ऊपर बैठे 7 यात्री गिरकर सड़क पर ही छिटक गए, जिनकी जान बच गई, लेकिन बाकी यात्री पानी के तेज बहाव के कारण लापता हो गए हैं।

हादसे के पीछे क्या वजह मानी जा रही है?
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तेज बारिश के चलते फिसलन भरी सड़क और ट्रक की टक्कर इस दुर्घटना का कारण बनी। घटनास्थल के पास अलकनंदा नदी का बहाव बेहद तेज है, जिससे बचाव कार्यों में भी काफी बाधा आ रही है। SDRF, पुलिस और स्थानीय लोग मिलकर लगातार लापता लोगों की खोज में जुटे हैं।

परिवार की यात्रा बनी हादसे का कारण
जानकारी के मुताबिक, इस बस में राजस्थान के उदयपुर से चारधाम यात्रा पर आया एक परिवार भी शामिल था। यह लोग रात को रुद्रप्रयाग में रुके थे और आज सुबह बद्रीनाथ के लिए निकले थे, लेकिन गोचर के पास हादसा हो गया।

बारिश बनी बड़ी चुनौती
हादसे के वक्त इलाके में मौसम खराब था और लगातार बारिश हो रही थी, जिससे नदी का जलस्तर खतरनाक हद तक बढ़ गया था। प्रशासन का कहना है कि यह इलाका अत्यंत संवेदनशील है और बारिश के दौरान यहां विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है।

प्रशासन अलर्ट, जांच शुरू
आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन ने बताया कि सभी जिलों को अलर्ट कर दिया गया है और हादसे की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं। वहीं, पुलिस मुख्यालय के प्रवक्ता IG नीलेश आनंद भरणे ने भी जानकारी दी कि दुर्घटना को लेकर लगातार अपडेट लिया जा रहा है।

फिलहाल SDRF और प्रशासन की टीम लगातार लापता यात्रियों की तलाश में लगी हुई है। दुर्घटना स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल है और तीर्थयात्रियों के परिजन बेहद व्याकुल हैं। यह हादसा एक बार फिर पहाड़ी इलाकों में यात्रा के दौरान सावधानी और सुरक्षा की गंभीर जरूरत की ओर इशारा करता है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!