May 1, 2026

कहां छिपा है हाफिज सईद? तीन बड़े बयानों से खुल रही आतंक के मास्टरमाइंड की लोकेशन की परतें

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद लश्कर-ए-तैयबा के सरगना हाफिज सईद का कोई सुराग नहीं मिल रहा है। भारत में कई बड़े आतंकी हमलों का मास्टरमाइंड माने जाने वाला हाफिज अब अंडरग्राउंड हो चुका है, लेकिन तीन बड़े बयानों ने उसकी संभावित लोकेशन को लेकर संदेह की सुई तेज कर दी है। सबसे पहले पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने कहा कि “हमारे देश में कोई भी आतंकवादी नहीं है”, जो सीधा इशारा करता है कि हाफिज अब पाकिस्तान में नहीं है। इसके बाद बिलावल भुट्टो ने एक और चौंकाने वाला बयान दिया—”हाफिज अफगानिस्तान में हो सकता है”, जिसने अफगान सीमा के आसपास की हलचलों को संदिग्ध बना दिया है। और अब सामने आया है बयान खुद हाफिज सईद के बेटे का, जिसने दावा किया कि “मेरे पिता जहां भी हैं, वहां सुरक्षित हैं”, जो संकेत देता है कि उसे हाफिज की लोकेशन की पूरी जानकारी है लेकिन वो जानबूझकर छिपा रहा है।

इन बयानों के बीच पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में स्थित मुरीदके इलाके का नाम भी दोबारा चर्चा में है, जो लंबे समय तक हाफिज सईद का गढ़ रहा है। लेकिन ऑपरेशन सिंदूर के बाद से यहां सन्नाटा पसरा हुआ है और पाकिस्तानी सुरक्षाबलों ने इस क्षेत्र को अपने कब्जे में ले लिया है। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या हाफिज पाकिस्तान की ही किसी हाई-सिक्योरिटी लोकेशन में छिपाया गया है या अफगानिस्तान की सीमा में किसी कट्टरपंथी नेटवर्क के संरक्षण में है? बिलावल, ख्वाजा और हाफिज के बेटे के बयानों ने न सिर्फ पाकिस्तान की भूमिका को सवालों के घेरे में ला खड़ा किया है, बल्कि यह भी साफ कर दिया है कि हाफिज सईद की असल लोकेशन एक सोची-समझी साजिश के तहत छिपाई जा रही है। अब दुनिया की नजरें इस पर टिकी हैं कि अगला बड़ा सुराग कब और कहां से सामने आएगा।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!