April 30, 2026

वीडियो देखा… और बेटी की जान ले ली! राधिका यादव की हत्या में सामने आया जीशान अहमद का नाम, ‘कारवां’ गाने से भड़का पिता

गुरुग्राम की उभरती टेनिस प्लेयर राधिका यादव की हत्या ने पूरे देश को स्तब्ध कर दिया है, और अब इस सनसनीखेज केस में एक नया मोड़ आ गया है। पिता दीपक यादव की बेरहमी के पीछे एक और कारण सामने आया है — बेटी का एक म्यूजिक वीडियो, जिसमें वह एक युवक के साथ नजर आई थी। उस युवक का नाम है जीशान अहमद, और वीडियो का गाना था “कारवां…”।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, राधिका सोशल मीडिया पर एक्टिव रहती थी और एक इन्फ्लुएंसर बनने की दिशा में काम कर रही थी। उसने पिछले साल जीशान अहमद के साथ एक म्यूजिक वीडियो में काम किया था, जिसका नाम था “कारवां चलता रहा मेरा…”। इस गाने को जीशान ने प्रोड्यूस किया था और यह INAAM नामक यूट्यूब चैनल पर रिलीज हुआ था। यही वीडियो राधिका के पिता को नागवार गुज़रा। उन्होंने बेटी से कहा कि वह वीडियो डिलीट करे, मगर राधिका ने इनकार कर दिया।

पुलिस पूछताछ में दीपक यादव ने कबूला कि समाज की बातों और तानों से वो टूट चुका था। उसने कहा, “लोग ताने देते थे कि मैं बेटी के पैसों पर जी रहा हूं… लोग उसकी इज्जत पर सवाल उठाते थे। मैंने उससे अकादमी बंद करने को कहा, मगर वो नहीं मानी। वीडियो डिलीट करने को कहा, मगर वो नहीं मानी।” गुस्से और तनाव में आकर दीपक ने उसी दिन राधिका की हत्या कर दी, जिस दिन उसकी पत्नी — यानी राधिका की मां — का जन्मदिन था।

घटना के वक्त घर में राधिका की मां मंजू और उसके पिता दीपक ही मौजूद थे। मां ने बताया कि उन्हें बुखार था और वो कमरे में आराम कर रही थीं। गोली चलने की आवाज सुनकर जब परिवार वाले पहुंचे, तब तक राधिका की जान जा चुकी थी।

इस केस ने सोशल मीडिया पर भी हलचल मचा दी है। लोग INAAM चैनल पर जाकर वीडियो पर कमेंट कर रहे हैं — कोई कह रहा है कि इस मासूम लड़की को देख कोई कैसे ग़लत सोच सकता है, तो कोई लिख रहा है कि इस वीडियो में न तो कोई अश्लीलता है और न ही कोई आपत्तिजनक दृश्य — फिर पिता ने इसमें ऐसा क्या देख लिया?

राधिका के चाचा ने बताया कि सुबह साढ़े 10 बजे उन्हें धमाके की आवाज सुनाई दी। जब वह भैया दीपक के घर पहुंचे, तो देखा कि राधिका खून से लथपथ हालत में पड़ी थी। तुरंत उसे सेक्टर-56 के एशिया मरीनो अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और हर उस पहलू को खंगाल रही है, जो इस जघन्य हत्या की वजह बना। लेकिन एक सवाल अब भी लोगों के मन में रह गया है — क्या एक म्यूजिक वीडियो और समाज के तानों से टूटकर कोई पिता अपनी ही बेटी का कातिल बन सकता है?

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!