April 30, 2026

लंदन से ग्लासगो जा रही फ्लाइट में बम की धमकी, ‘अल्लाह हू अकबर’ चिल्लाने वाले यात्री को स्कॉटलैंड में किया गया गिरफ्तार

लंदन से ग्लासगो जा रही ईजीजेट एयरलाइंस की एक फ्लाइट में उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक यात्री ने अचानक ‘अल्लाह हू अकबर’ चिल्लाते हुए विमान को बम से उड़ाने की धमकी दे दी। यह घटना ल्यूटन एयरपोर्ट से उड़ान भरने के कुछ देर बाद सामने आई, जब यात्री जोर-जोर से चिल्लाने लगा और अमेरिका तथा डोनाल्ड ट्रंप के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।

 

इस सनसनीखेज घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें आरोपी शख्स को चिल्लाते और धमकी देते हुए साफ सुना जा सकता है। जैसे ही फ्लाइट ग्लासगो एयरपोर्ट पर पहुंची, स्कॉटिश पुलिस ने उसे तुरंत हिरासत में ले लिया। बताया जा रहा है कि यात्री की उम्र 41 साल है और उससे पूछताछ की जा रही है। घटना के बाद फ्लाइट में मौजूद अन्य यात्रियों ने मिलकर उसे काबू किया।

 

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, फ्लाइट में सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। वहीं, इस मामले की जांच अब आतंकवाद विरोधी इकाई कर रही है। पुलिस का कहना है कि वीडियो की प्रामाणिकता की जांच की जा रही है और आरोपी के मानसिक स्वास्थ्य की भी समीक्षा की जाएगी।

 

इस घटना की गंभीरता इसलिए भी बढ़ गई है क्योंकि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इन दिनों स्कॉटलैंड के दौरे पर हैं। ऐसे में इस तरह की घटना को उनकी यात्रा के विरोध से भी जोड़ा जा रहा है। हाल ही में ट्रंप और यूरोपीय संघ के बीच टैरिफ को लेकर एक बड़ा समझौता हुआ है, जिसे एक प्रमुख कूटनीतिक सफलता के तौर पर देखा जा रहा था।

 

फिलहाल इस मामले ने ब्रिटेन और अमेरिका की सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। हवाई यात्रा की सुरक्षा को लेकर पहले से सतर्कता बरती जा रही थी, लेकिन इस घटना के बाद अतिरिक्त कदम उठाए जा सकते हैं। सोशल मीडिया पर लोग इस घटना की कड़ी निंदा कर रहे हैं और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!