April 30, 2026

ईरान ने 12,000 किमी रेंज वाली ‘खोर्रमशहर-5’ मिसाइल का किया अनावरण, अमेरिका तक 36 मिनट में पहुंचने का दावा

ईरान ने अपनी सैन्य क्षमताओं को और मजबूत करते हुए ‘खोर्रमशहर-5’ नामक एक अत्याधुनिक बैलिस्टिक मिसाइल का अनावरण किया है। दावा किया गया है कि यह मिसाइल 12,000 किलोमीटर तक मार करने में सक्षम है और इसे 2 टन वॉरहेड से लैस किया गया है। इसकी गति 16 मैक (लगभग 20,000 किमी/घंटा) बताई गई है, जो इसे दुनिया की सबसे तेज और खतरनाक मिसाइलों में शामिल करती है।

 

ईरानी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह मिसाइल ईरान की राजधानी तेहरान से अमेरिका तक केवल 36 मिनट में पहुंच सकती है। इसका मतलब है कि यह मिसाइल अमेरिका के किसी भी प्रमुख शहर को बेहद कम समय में निशाना बना सकती है। इस मिसाइल को लेकर अमेरिका की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इससे तनाव बढ़ना तय माना जा रहा है।

 

खोर्रमशहर-5 मिसाइल का परीक्षण चुपचाप किया गया, जबकि इससे पहले की खोर्रमशहर श्रृंखला की अन्य मिसाइलों की सार्वजनिक रूप से घोषणा की गई थी। इससे संकेत मिलते हैं कि ईरान इस परियोजना को बेहद गोपनीयता के साथ विकसित कर रहा था। जानकारों का मानना है कि यह मिसाइल अमेरिका के बंकर बस्टर बम के समकक्ष क्षमता रखती है, जिससे यह बेहद विध्वंसक साबित हो सकती है।

 

इस मिसाइल का परीक्षण ऐसे वक्त में हुआ है जब ईरान को यूरेनियम संवर्धन को लेकर अमेरिका से 30 अगस्त तक का अल्टीमेटम मिला हुआ है। अमेरिका चाहता है कि ईरान यूरेनियम संवर्धन पूरी तरह बंद करे, जबकि ईरान इसे आंशिक रूप से जारी रखने की जिद पर अड़ा हुआ है। इससे पहले जून 2025 में इसी मुद्दे पर ईरान और अमेरिका के बीच भीषण संघर्ष हुआ था, जिसमें ईरान के कई परमाणु वैज्ञानिक मारे गए थे।

 

अब खोर्रमशहर-5 की घोषणा के बाद अंतरराष्ट्रीय समुदाय की नजरें एक बार फिर ईरान पर टिक गई हैं। इस मिसाइल को एक रणनीतिक चेतावनी के रूप में देखा जा रहा है, जिससे अमेरिका और उसके सहयोगी देशों पर दबाव बनाया जा सके। आने वाले दिनों में यह देखा जाएगा कि इस मिसाइल परीक्षण के बाद पश्चिमी देशों की प्रतिक्रिया क्या होती है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!