May 1, 2026

फर्रुखाबाद में सरेआम फायरिंग से दहशत, दंपत्ति पर दबंग का जानलेवा हमला

फर्रुखाबाद के थाना कादरीगेट क्षेत्र स्थित आवास विकास कॉलोनी में शुक्रवार रात उस समय हड़कंप मच गया जब एक दबंग ने सरेआम सड़क पर फायरिंग कर दी। बताया जा रहा है कि सड़क पर टहल रहे एक दंपत्ति को गाड़ी ठीक से चलाने की सलाह देना उस वक्त भारी पड़ गया जब आरोपी ने अपनी लाइसेंसी रायफल से उन पर गोलियां चला दीं।

अचानक हुई इस फायरिंग से पूरे इलाके में अफरा-तफरी फैल गई। लोग घरों से बाहर निकल आए और देखते ही देखते कॉलोनी में दहशत का माहौल बन गया। गनीमत रही कि इस वारदात में दंपत्ति को कोई गंभीर चोट नहीं आई, लेकिन घटनास्थल पर चली कई गोलियों ने सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

घटना के बाद आरोपी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह लाइसेंसी बंदूक से फायरिंग करता दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में गुस्सा और डर दोनों देखने को मिल रहा है।

फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। कादरीगेट थाने की टीम आरोपित की तलाश में जुट गई है। इस घटना ने एक बार फिर फर्रुखाबाद की सुरक्षा व्यवस्था और लाइसेंसी हथियारों के दुरुपयोग पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!