फर्रुखाबाद के पुलिस अधीक्षक कार्यालय में टेंडर प्रक्रिया को लेकर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। बताया जा रहा है कि जिले के 59 आवासीय और अनावासीय पुलिस भवनों के अनुरक्षण और मरम्मत कार्य के लिए हाल ही में निविदा आमंत्रित की गई थी, लेकिन निर्धारित समय से पहले ही टेंडर फार्म की बिक्री को बंद बता दिया गया।
समाचार पत्रों में प्रकाशित सूचना के अनुसार, टेंडर 7 नवंबर दोपहर 12 बजे तक जमा किए जा सकते थे। इसके बावजूद जब कई ठेकेदार आज टेंडर खरीदने कार्यालय पहुंचे, तो संबंधित पटल के कर्मचारियों ने उन्हें यह कहकर लौटा दिया कि टेंडर बिक्री की समय सीमा समाप्त हो चुकी है।
इस घटनाक्रम से टेंडर प्रक्रिया की पारदर्शिता पर ठेकेदारों ने गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि समय से पहले टेंडर बंद करने से निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा पर असर पड़ेगा और इससे विभाग को आर्थिक नुकसान भी हो सकता है।
ठेकेदारों का यह भी कहना है कि अगर टेंडर ओपेन तरीके से होता, तो अधिक प्रतिस्पर्धा के चलते सरकार को बेहतर दर पर कार्य मिल सकता था। अब सभी की निगाहें प्रशासन पर टिकी हैं कि वह इस विवाद पर क्या कदम उठाता है।
Share this content:
