ओपी राजभर ने अखिलेश पर कसा तंज बोले- जनता अब उन्हें देखना पसंद नहीं करती, अखिलेश को जनता का मूड समझ जाना चाहिए

लखनऊ। कन्नौज में समाजवादी पार्टी के पीडीए सम्मेलन में भीड़ नहीं जुटने और इसके बाद जिला कार्यकारिणी भंग किए जाने के मामले पर सुभासपा अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव को अब समझ जाना चाहिए कि प्रदेश की जनता उन्हें देखना पसंद नहीं करती। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी को संगठनात्मक स्तर पर मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है और यही कारण है कि अखिलेश को बीते कुछ दिनों में कई जिलों की कमेटियां भंग करनी पड़ी है।

कन्नौज में पीडीए सम्मेलन की भीड़ पर उठाए सवाल

कन्नौज में आयोजित सपा के पीडीए सम्मेलन में खाली कुर्सियों और अपेक्षा से कम भीड़ जुटने की चर्चा के बीच राजभर ने कार्यक्रम को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव के अपने संसदीय क्षेत्र में हुए कार्यक्रम का परिणाम सभी देख रहे हैं। राजभर ने सपा के इस आयोजन को लेकर अखिलेश यादव पर निशाना साधा और कहा कि इस कार्यक्रम का रिजल्ट पूरा देश देख रहा है।

‘हमने कन्नौज में जुटाए थे 8 से 10 हजार लोग’

कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कन्नौज में अपने कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए कहा कि मई के अंतिम दिनों में वहां आयोजित कार्यक्रम में 8 से 10 हजार लोग जुटे थे। उन्होंने सपा के पीडीए सम्मेलन से इसकी तुलना करते हुए कहा कि दोनों कार्यक्रमों के परिणाम सामने हैं। उन्होंने कहा कि मौजूदा हालात देखकर सपा प्रमुख समझ गए हैं कि अब उन्हें सत्ता में नहीं आना है। वहीं इससे पहले ओपी राजभर ने सोशल मीडिया पर भी पोस्ट कर अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने लिखा कि जिस कन्नौज से अखिलेश यादव सांसद हैं, वहीं की जनता ने उन्हें उनकी हैसियत दिखा दी है।

Share this content:

About The Author

You may have missed