दिवाली से पहले केंद्र सरकार ने लाखों कर्मचारियों को बड़ी खुशखबरी दी है। इस बार डाक विभाग (India Post) के कर्मचारियों के लिए त्योहार की खुशियां दोगुनी हो गई हैं, क्योंकि सरकार ने उन्हें दो महीने की सैलरी के बराबर बोनस देने का ऐलान किया है। यह बोनस वित्त वर्ष 2024-25 के लिए उत्पादकता आधारित बोनस (Productivity Linked Bonus – PLB) के रूप में दिया जा रहा है, जिसे राष्ट्रपति की मंजूरी मिल चुकी है।
डाक विभाग की इस घोषणा से देशभर में लाखों कर्मचारियों के चेहरे पर खुशी लौट आई है। यह बोनस ग्रुप C, मल्टी-टास्किंग स्टाफ (MTS), अराजपत्रित ग्रुप B कर्मचारी, ग्रामीण डाक सेवक (GDS) और पूर्णकालिक आकस्मिक श्रमिकों को दिया जाएगा। सरकार का यह कदम न केवल कर्मचारियों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करेगा, बल्कि त्योहार के मौसम में उनके उत्साह और उमंग को भी बढ़ाएगा।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, बोनस की राशि का कैलकुलेशन कर्मचारियों के औसत वेतन के आधार पर किया जाएगा। नियमित कर्मचारियों के लिए इसका फॉर्मूला होगा — (औसत वेतन × 60 दिन ÷ 30.4)। इसमें बेसिक पे, महंगाई भत्ता, विशेष भत्ता, ड्यूटी और ट्रेनिंग भत्ता को शामिल किया जाएगा। हालांकि, बोनस के लिए अधिकतम वेतन सीमा ₹7,000 प्रति माह तय की गई है। वहीं, ग्रामीण डाक सेवकों के लिए बोनस की गणना उनके टाइम-रिलेटेड कंटीन्यूटी अलाउंस (TRCA) और महंगाई भत्ते के आधार पर की जाएगी।
केंद्र सरकार पहले ही महंगाई भत्ता (DA) में बढ़ोतरी, बोनस वितरण और CGHS (केंद्रीय सरकारी स्वास्थ्य योजना) में सुधार जैसी तीन बड़ी घोषणाएं कर चुकी है। अब डाक विभाग का यह बोनस ऐलान त्योहार से पहले सरकारी कर्मचारियों के लिए icing on the cake साबित हुआ है।
त्योहारों के इस मौसम में सरकार का यह निर्णय कर्मचारियों के लिए एक शानदार तोहफा माना जा रहा है। डाक विभाग के हजारों कर्मचारी अब न सिर्फ दिवाली का जश्न मनाएंगे, बल्कि इस बोनस से अपनी आर्थिक योजनाओं को भी मजबूती देंगे — यानी इस बार उनके लिए वाकई “डबल खुशियों वाली दिवाली” साबित होने वाली है।
Share this content:
