IPL 2025: अंपायर पर भड़के धोनी, हार के बाद गुस्से में दिखे मैदान पर, वायरल हुआ वीडियो
आईपीएल 2025 में चेन्नई सुपर किंग्स को मुंबई इंडियंस के खिलाफ 9 विकेट से करारी हार का सामना करना पड़ा, जिसके बाद कप्तान एमएस धोनी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। इस वीडियो में धोनी मैच खत्म होने के तुरंत बाद गुस्से में अंपायर से बहस करते नजर आ रहे हैं। माना जा रहा है कि धोनी नई गेंद की अनुमति न मिलने से नाराज थे। दरअसल, मैच के दौरान 14वें ओवर में उन्होंने नियम के मुताबिक नई गेंद की मांग की थी, लेकिन अंपायर ने इसकी इजाजत नहीं दी। उस समय भी दोनों के बीच बहस हुई थी। मैच के बाद जब चेन्नई की टीम हार गई, तो धोनी ने दोबारा अंपायर से बात की, इस बार उनका गुस्सा साफ नजर आया।
इस मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने 177 रनों का पीछा करते हुए 26 गेंद बाकी रहते 9 विकेट से आसान जीत दर्ज की। रोहित शर्मा ने इस मैच में 45 गेंदों में 76 रनों की शानदार पारी खेली और ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुने गए। हार के बाद धोनी ने कहा कि टीम औसत से बहुत नीचे खेल रही है। उन्होंने स्वीकार किया कि उन्हें पहले से ओस का अंदाजा था और डेथ ओवरों की गेंदबाजी मुंबई ने काफी पहले शुरू कर दी, जिससे चेन्नई को रन बनाने का मौका नहीं मिला। धोनी ने माना कि उनकी टीम को भी पहले ही रन बनाने शुरू कर देने चाहिए थे।
धोनी ने युवा बल्लेबाज म्हात्रे की तारीफ की और कहा कि उन्होंने बेहतरीन बल्लेबाजी की, अपने शॉट्स का अच्छा चयन किया और स्पिन को भी अच्छे से खेला। उन्होंने कहा कि टीम को भावनात्मक होने की जरूरत नहीं है, बल्कि यह देखने की जरूरत है कि वे सही तरह से क्रिकेट खेल रहे हैं या नहीं। कुछ कैच और सपोर्ट से टीम में सुधार हो सकता है। अगर टीम प्लेऑफ में क्वालिफाई नहीं कर पाई तो अगले सीजन के लिए बेहतर संयोजन तैयार किया जाएगा।
चेन्नई सुपर किंग्स ने इस सीजन अब तक 8 मैच खेले हैं जिनमें से सिर्फ 2 में जीत दर्ज की है जबकि 6 मुकाबलों में उसे हार मिली है। इस हार के बाद टीम पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे पहुंच गई है। धोनी की टीम को अब बचे हुए सभी 6 मुकाबले जीतने होंगे ताकि 16 अंकों तक पहुंचा जा सके और प्लेऑफ में क्वालिफाई करने की उम्मीद बनी रहे। हालांकि यदि चेन्नई यहां से एक और मुकाबला हार जाती है, तो उसकी आईपीएल 2025 से लगभग विदाई तय मानी जाएगी।
Share this content:
