April 17, 2026

दिल्ली: प्रेम प्रसंग के चलते 19 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या, लड़की के दो भाई गिरफ्तार

उत्तर पूर्वी दिल्ली के गोकुलपुरी इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 19 वर्षीय युवक हिमांशु की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। यह वारदात रविवार रात गोकुलपुरी थाना क्षेत्र की संजय कॉलोनी में हुई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल हिमांशु को तुरंत जीटीबी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के परिवार वालों ने आरोप लगाया है कि हिमांशु का इलाके की एक लड़की से प्रेम प्रसंग चल रहा था, जिसकी जानकारी लड़की के परिवार को लग गई थी। इसी रंजिश में लड़की के सगे भाइयों ने हिमांशु की हत्या कर दी।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों – शाहरुख (19) और साहिल खान (22) को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपी भी संजय कॉलोनी, गोकुलपुरी के ही रहने वाले हैं। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए गुरु तेग बहादुर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।

पुलिस का कहना है कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है। गोकुलपुरी थाना प्रभारी के अनुसार, प्रेम प्रसंग के एंगल को ध्यान में रखते हुए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!