दिल्ली पुलिस ने पकड़े 18 अवैध बांग्लादेशी, 5 ने करवाई ट्रांसजेंडर सर्जरी ताकि भारत में रह सकें
दिल्ली से एक चौकाने वाली खबर सामने आई है, जहां पुलिस ने अशोक विहार इलाके में 18 अवैध बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। इनमें से 5 लोगों ने भारत में रहने के लिए अपनी पहचान छुपाने हेतु हार्मोनल उपचार और छोटी सर्जरी करवा कर ट्रांसजेंडर बन गए थे। उनका मकसद था कि वे पहचान छुपाकर अपने देश वापस न भेजे जाएं।
नॉर्थ वेस्ट जिले के फॉरेनर सेल ने लगभग 100 झुग्गियों और 150 गलियों की जांच के बाद ये कार्रवाई की। शुरुआती पूछताछ में एक संदिग्ध ने अपनी असलियत बताई, जिसके बाद उसके परिवार के 13 सदस्यों सहित कुल 18 लोग पकड़े गए। इनमें 3 बच्चे भी शामिल हैं, जो बिना वैध दस्तावेजों के भारत में रह रहे थे।
पुलिस ने बताया कि 5 ट्रांसजेंडर आरोपी लाल बत्ती क्षेत्र समेत अन्य इलाकों में लोगों से पैसे मांगते पाए गए। उन्होंने पहचान छुपाने के लिए हार्मोनल थैरेपी और सर्जरी करवाई थी ताकि भारत में रहना आसान हो जाए। इन सभी के पास से 7 स्मार्टफोन भी बरामद किए गए हैं, जिनका इस्तेमाल वे प्रतिबंधित IMO ऐप से बांग्लादेश में अपने परिजनों से संपर्क के लिए करते थे।
अतिरिक्त डीसीपी सिकंदर सिंह ने बताया कि अवैध प्रवासियों को पकड़ने की कार्रवाई जारी है और पकड़े गए सभी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है ताकि ऐसे मामलों को रोका जा सके।
Share this content:
