May 4, 2026

मुंबई: अजय देवगन की ‘दे दे प्यार दे 2’ को बिना किसी कट के मिली CBFC की मंजूरी, सामने आया फिल्म का रनटाइम

अजय देवगन की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘दे दे प्यार दे 2’ को सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) से हरी झंडी मिल गई है। शनिवार को फिल्म को U/A 13+ सर्टिफिकेट मिला, और खास बात यह है कि सेंसर बोर्ड ने इस फिल्म को बिना किसी कट के मंजूरी दी है। यह अजय देवगन के लिए किसी खुशखबरी से कम नहीं, क्योंकि यह दर्शाता है कि फिल्म का कंटेंट फैमिली ऑडियंस के लिए भी उपयुक्त माना गया है।

फिल्म का कुल रनटाइम 147.10 मिनट यानी करीब 2 घंटे 27 मिनट और 10 सेकंड का है। कहानी 2019 की सुपरहिट फिल्म ‘दे दे प्यार दे’ के ठीक वहीं से आगे बढ़ती है, जहां पिछली कहानी खत्म हुई थी। इस बार आशीष यानी अजय देवगन अपनी प्रेमिका आयशा (रकुल प्रीत सिंह) के माता-पिता से मिलने और उसका हाथ मांगने पहुंचते हैं। लेकिन, जब आयशा के माता-पिता को पता चलता है कि आशीष उनकी उम्र के बराबर है, तो कहानी में दिलचस्प मोड़ आ जाता है।

ट्रेलर में दिखाया गया है कि आयशा के माता-पिता एक और नौजवान लड़के को अपने घर में लाकर आशीष से उसकी तुलना करने लगते हैं, जिससे हास्य और रोमांस का नया तड़का जुड़ जाता है। फिल्म के डायरेक्शन की जिम्मेदारी अंशुल शर्मा ने संभाली है, और दर्शक इसे लेकर काफी उत्साहित हैं।

फिल्म की स्टारकास्ट भी बेहद दमदार है। अजय देवगन और रकुल प्रीत सिंह के अलावा इसमें आर. माधवन, गौतमी कपूर, जावेद जाफरी और मीज़ान जाफरी जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। आर. माधवन ने कहा कि अजय देवगन के साथ काम करना उनके लिए शानदार अनुभव रहा और उन्होंने उनसे बहुत कुछ सीखा।

रोमांस, कॉमेडी और इमोशन का मजेदार मिश्रण पेश करने वाली ‘दे दे प्यार दे 2’ 14 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म से दर्शकों को फिर से वही हल्की-फुल्की मनोरंजक कहानी देखने की उम्मीद है, जिसने पहली फिल्म को यादगार बना दिया था।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!