मुंबई: यामी गौतम और इमरान हाशमी की ‘हक’ बॉक्स ऑफिस पर फीकी शुरुआत, पहले दिन कमाए सिर्फ 1.65 करोड़ रुपये
शाहबानो केस पर आधारित यामी गौतम और इमरान हाशमी की फिल्म ‘हक’ शुक्रवार को सिनेमाघरों में रिलीज हुई। रिलीज से पहले फिल्म ने चर्चा तो खूब बटोरी, लेकिन इसका असर बॉक्स ऑफिस पर देखने को नहीं मिला। ओपनिंग डे पर फिल्म की शुरुआत बेहद धीमी रही और यह 2 करोड़ रुपये का आंकड़ा भी पार नहीं कर सकी।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘हक’ ने पहले दिन लगभग 1.65 करोड़ रुपये की कमाई की। जबकि फिल्म का बजट 30 से 50 करोड़ रुपये के बीच बताया जा रहा है। ऐसे में फिल्म के लिए शुरुआती आंकड़े निराशाजनक माने जा रहे हैं। यामी गौतम की पिछली फिल्मों ने शानदार परफॉर्म किया था, जिससे दर्शकों और मेकर्स को इस बार भी अच्छी ओपनिंग की उम्मीद थी, लेकिन दर्शकों का रिस्पॉन्स उम्मीद से कम मिला।
फिल्म को क्रिटिक्स की तरफ से यामी गौतम और इमरान हाशमी की एक्टिंग के लिए तारीफ जरूर मिली है, लेकिन कहानी और स्क्रीनप्ले को लेकर दर्शकों के रिव्यू मिले-जुले रहे। ट्रेड एनालिस्ट्स का मानना है कि फिल्म को वीकेंड पर ही अपनी पकड़ मजबूत करनी होगी, वरना अगले हफ्ते आने वाली नई फिल्मों से इसका मुकाबला मुश्किल हो सकता है।
‘हक’ में यामी और इमरान के अलावा शीबा चड्ढा, वर्तिका सिंह, दानिश हुसैन और राहुल मित्रा जैसे कलाकार नजर आए हैं। फिल्म का निर्देशन सुपर्ण वर्मा ने किया है और इसे रेशु नाथ ने लिखा है। अब नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या वीकेंड में ‘हक’ अपने कलेक्शन को रफ्तार दे पाएगी या नहीं।
Share this content:
