April 26, 2026

पोते ने दादी को बेरहमी से पीटा, वायरल वीडियो से गांव में आक्रोश

कहते हैं कि माता-पिता से भी ज्यादा दुलार दादा-दादी बच्चों को करते हैं, लेकिन उत्तर प्रदेश के बागपत जिले से सामने आए एक मामले ने इस कहावत को शर्मसार कर दिया। यहां एक पोते ने अपनी ही 80 वर्षीय दादी की बेरहमी से पिटाई कर डाली। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि पीड़िता महिला की एक सप्ताह पहले ही मौत हो चुकी है।

यह मामला सिंघावली अहीर थाना क्षेत्र के बसौद गांव का है। आरोपी पोते का नाम फरमान बताया जा रहा है। घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में साफ दिखाई दे रहा है कि फरमान अपनी दादी को बिना किसी कारण चारपाई से गिराकर उन पर हमला करता है। बुजुर्ग महिला खुद को बचाने की कोशिश करती रहीं, लेकिन पोते की हिंसा थमने का नाम ही नहीं ले रही थी। यह अमानवीय दृश्य देखकर सोशल मीडिया पर लोग गुस्से से भर उठे हैं।

गांव में इस घटना को लेकर गहरा आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसी हरकत न सिर्फ परिवार, बल्कि पूरे समाज के लिए कलंक है। वीडियो सामने आने के बाद लोग आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। कई लोगों ने इसे इंसानियत पर धब्बा बताते हुए कहा कि ऐसे अपराधियों को किसी हाल में बख्शा नहीं जाना चाहिए।

हालांकि परिजनों ने इस मामले में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई है। लेकिन पुलिस ने घटना का संज्ञान लिया है। एएसपी बागपत प्रवीण सिंह चौहान ने जानकारी दी कि एसपी सूरज कुमार राय के निर्देश पर मामले की जांच सीओ बागपत को सौंपी गई है। जांच पूरी होने के बाद आरोपी फरमान के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल, इस घटना ने पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना दिया है। सोशल मीडिया पर लोग लगातार अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे हैं और सवाल उठा रहे हैं कि आखिर एक पोता इतनी नफरत और बेरहमी तक कैसे पहुंच सकता है। यह मामला न केवल रिश्तों की मर्यादा को तोड़ता है बल्कि समाज के लिए भी गहरी चिंता का विषय बन गया है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!