April 18, 2026

चेन्नई की प्लेऑफ उम्मीदों को बड़ा झटका, धोनी का छलका दर्द

चेन्नई सुपरकिंग्स को हैदराबाद के खिलाफ अपने घरेलू मैदान पर पांच विकेट से हार का सामना करना पड़ा, जिससे टीम की प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदें लगभग खत्म हो गई हैं। अब तक खेले गए 9 मुकाबलों में चेन्नई केवल दो मैच ही जीत पाई है और अंक तालिका में सबसे निचले यानी दसवें स्थान पर है। ऐसे में टीम को अगर टॉप 4 में पहुंचना है तो बाकी बचे सभी मुकाबले जीतने के साथ-साथ बाकी टीमों के नतीजों पर भी निर्भर रहना होगा। इस हार के बाद जब कप्तान एमएस धोनी से बात की गई तो वे बेहद निराश नजर आए और उनका दर्द साफ झलकता दिखा।

मैच के बाद धोनी ने कहा कि टीम लगातार विकेट खोती रही और इस वजह से बड़ा स्कोर नहीं बन पाया। उन्होंने माना कि पहली पारी में पिच थोड़ी बेहतर थी लेकिन 157 रन का स्कोर पर्याप्त नहीं था। धोनी ने बताया कि पिच पर खास टर्न नहीं था और यह एक सामान्य दो-तरफा विकेट जैसा था। धोनी ने ये भी कहा कि दूसरी पारी में गेंदबाजों को कुछ मदद मिली और उनके स्पिनर सही एरिया में गेंदबाजी कर रहे थे, लेकिन टीम 15-20 रन पीछे रह गई। उन्होंने डेवाल्ड ब्रेविस की बल्लेबाजी की तारीफ करते हुए कहा कि मिडिल ऑर्डर में टीम को ऐसी ही पारियों की जरूरत थी।

धोनी ने यह भी माना कि जब ज्यादा खिलाड़ी उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पा रहे हों, तो बदलाव करना जरूरी हो जाता है। उन्होंने कहा कि आप सिर्फ इसी उम्मीद में आगे नहीं बढ़ सकते कि चीजें अपने आप सुधर जाएंगी। बोर्ड पर पर्याप्त रन नहीं बना पाने की समस्या को उन्होंने टीम की सबसे बड़ी कमी बताया।

चेन्नई के अब आईपीएल में पांच मुकाबले और बाकी हैं और अगर टीम इन सभी को जीत भी लेती है, तो उसके अधिकतम 14 अंक ही हो पाएंगे। अंक तालिका की मौजूदा स्थिति को देखते हुए इतनी संख्या में प्लेऑफ में पहुंचना मुश्किल लग रहा है। अब देखना होगा कि एमएस धोनी आगे के मैचों में क्या रणनीति अपनाते हैं और टीम में किस तरह के बदलाव होते हैं।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!